BIHAR : 16 से 31 जुलाई तक JDU चलाएगा ‘सहयोग राशि संग्रह अभियान’

  • जदयू मुख्यालय में जिलाध्यक्षों की दो दिवसीय बैठक संपन्न

पटन। जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह एवं प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा की उपस्थिति में जदयू मुख्यालय स्थित कर्पूरी सभागार में जिलाध्यक्षों की दो दिवसीय बैठक बुधवार को संपन्न हो गई। बैठक में विधानपार्षद ललन सर्राफ, उपाध्यक्ष डॉ. नवीन कुमार आर्य, महासचिव अनिल कुमार, चंदन कुमार सिंह, जदयू मीडिया सेल के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अमरदीप एवं जदयू प्रशिक्षण प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष सुनील कुमार मौजूद रहे। जिलाध्यक्षों की दो दिवसीय बैठक के दूसरे दिन 25 जिलाध्यक्ष शामिल हुए, जबकि शेष जिलाध्यक्ष पहले दिन बैठक में शामिल हुए थे।
बैठक के दौरान निर्णय लिया गया कि पार्टी के सांगठनिक कार्य, अन्य राज्यों में संगठन विस्तार व चुनाव, जनसरोकार के मुद्दों पर बड़े अभियान तथा 2024 के लोकसभा एवं 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखकर 16 से 31 जुलाई के बीच सहयोग राशि संग्रह अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के लिए प्रदेश, जिला, प्रखंड एवं पंचायत से लेकर बूथ स्तर तक कमिटी बनाई जाएगी। इसके लिए पार्टी के सभी मंत्री, सांसद, विधायक, विधानपार्षद आदि को विशेष दायित्व दिया जाएगा। ध्यातव्य है कि पार्टी के लगभग 50 लाख प्राथमिक सदस्य तथा लगभग दो लाख सक्रिय सदस्य हैं। अभियान के तहत इन सभी से संपर्क किया जाएगा।
हमारे कार्यकर्ता ही हमारी पूंजी: आरसीपी
राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह ने सभी जिलाध्यक्षों से इस अभियान को सफल बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि लंबी दूरी तय करने के लिए जरूरी है कि पार्टी का अर्थतंत्र भी मजबूत हो। हमारे कार्यकर्ता ही हमारी पूंजी हैं और वही पार्टी को आर्थिक रूप से भी मजबूत करेंगे। श्री सिंह ने जिलाध्यक्षों को यह निर्देश भी दिया कि प्रदेश की तरह जिला कमिटियों में भी एक तिहाई महिलाओं को स्थान दें। उन्होंने यह भी कहा कि सभी जिलाध्यक्ष साथियों के सहयोग से कोशिश करें कि हर जिले में अपने भवन में पार्टी का कार्यालय हो।
4 जुलाई को टिकाऊ खेती, खुशहाल किसान विषय पर वर्चुअल सम्मेलन : उमेश
प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि शीघ्र ही सहयोग राशि संग्रह अभियान की पूरी रूपरेखा तय कर ली जाएगी। इस अभियान को हमें चुनौती के रूप में लेना है। उन्होंने कहा कि बड़े लक्ष्य के लिए पार्टी को संसाधनों से लैस करना जरूरी है और ये सबके सम्मिलित प्रयास से ही संभव है। उन्होंने सभी जिलाध्यक्षों से 4 जुलाई को टिकाऊ खेती, खुशहाल किसान विषय पर होने वाले पार्टी के वर्चुअल सम्मेलन को सफल बनाने की अपील की। साथ ही उन्होंने सूचना दी कि इसके ठीक बाद 11 जुलाई को युवा रोजगार विषय पर पार्टी का वर्चुअल सम्मेलन होगा।
ये रहे मौजूद
बैठक में संजय चौहान (गोपालगंज), अश्वमेघ देवी (समस्तीपुर), सुभाषचन्द्र सिंह (वैशाली), मनोज कुमार कुशवाहा (मुजफ्फरपुर), अजय चौधरी (दरभंगा), उमेश ठाकुर (सीवान), सत्येन्द्र कामत (मधुबनी), विशाल सिंह राठौर (सारण), ई. शंभू शरण (जमुई), सियाशरण ठाकुर (नालंदा), रतन सिंह पटेल (पूर्वी चंपारण), शत्रुघ्न कुशवाहा (पश्चिमी चंपारण), रामानंद मंडल (लखीसराय), रणधीर कुमार सोनी (शेखपुरा), बबलू मंडल (खगड़िया), रूदल राय (बेगूसराय), संतोष सहनी (मुंगेर), नागेन्द्र चन्द्रवंशी (रोहतास), द्वारिका प्रसाद (गया), परशुराम पारस (बाढ़), अरुण मांझी (पटना), मंजू देवी (अरवल), संजय कुमार सिंह (भोजपुर), राहुल शर्मा (जहानाबाद) एवं विश्वनाथ सिंह (औरंगाबाद)।

About Post Author

You may have missed