खबरें फतुहा की : चलाया गया सघन मास्क चेकिंग अभियान, चोरी गए सरिया लदा ट्रैक्टर बरामद, सरिया गायब
चलाया गया सघन मास्क चेकिंग अभियान, 32 सौ रुपए जुर्माना वसूला
फतुहा। शुक्रवार को पटना फतुहा के मेन रोड से लेकर स्टेशन रोड तक सघन मास्क चेकिंग अभियान चलाया गया। यह चेकिंग अभियान नगर निकाय के सिटी मैनेजर ब्रजेश कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस के सहयोग से चलाया गया। अहम बात यह रही कि दुकानदारों के विरुद्ध भी मास्क चेकिंग अभियान चलाया गया। 64 लोगों से 32 सौ रुपए जुर्माना के तौर पर वसूल किया गया और उन्हें मास्क दिया गया।

चोरी गए सरिया लदा ट्रैक्टर गंगा किनारे से बरामद, एक हिरासत में

फतुहा। बीते बुधवार की रात्रि मछरियावां से सरिया लदा ट्रैक्टर चोरी मामले में पुलिस ने ट्रैक्टर को सालिमपुर थाना क्षेत्र के रुपसपुर महाजी इलाके के गंगा किनारे से बरामद कर लिया है। लेकिन ट्रैक्टर पर लदा सारा सरिया गायब थे। ट्रैक्टर को गंगा किनारे झाड़ी में छिपाकर रखा गया था। पुलिस ने उस जगह से एक युवक को हिरासत में लिया है तथा पूछताछ करने में जुटी है। पुलिस के मुताबिक, चोरों ने सरिया को कहीं अनलोड कर छिपा दिया है तथा ट्रैक्टर को गंगा किनारे खड़ी कर बाइक से फरार हो गए हैं। पुलिस के अनुसार, ट्रैक्टर पर से अनलोड सरिया का पता लगाया जा रहा है। विदित हो कि ट्रैक्टर मालिक ने इस संदर्भ में थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी थी। ट्रैक्टर पर करीब पांच टन सरिया लोड था।

