दिल्ली की 9वीं मुख्यमंत्री के रूप में रेखा गुप्ता ने ली शपथ, पीएम मोदी समेत एनडीए के कई दिग्गज रहे मौजूद

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली की राजनीति में गुरुवार को एक नया अध्याय जुड़ गया। भाजपा विधायक रेखा गुप्ता ने गुरुवार को दिल्ली की 9वीं मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण की। शालीमार बाग से विधायक रेखा गुप्ता ने गुरुवार को रामलीला मैदान में भव्य समारोह में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत एनडीए के कई बड़े नेता और भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी मौजूद रहे। रेखा गुप्ता के साथ 6 अन्य मंत्रियों ने भी शपथ ली, जिनमें प्रवेश वर्मा, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, रविंद्र इंद्राज सिंह, कपिल मिश्रा और पंकज कुमार सिंह शामिल हैं। शपथ ग्रहण के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंच पर जाकर रेखा गुप्ता को बधाई दी और उनके सफल कार्यकाल की कामना की। रेखा गुप्ता दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री बनी हैं। उनसे पहले सुषमा स्वराज, शीला दीक्षित और आतिशी इस पद पर रह चुकी हैं। रेखा गुप्ता ने 50 साल की उम्र में मुख्यमंत्री पद संभालकर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। रेखा गुप्ता ने शपथ ग्रहण से पहले मीडिया से बातचीत में कहा, “यह मेरे लिए बहुत बड़ी जिम्मेदारी है। मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा हाईकमान का आभार व्यक्त करती हूं, जिन्होंने मुझ पर भरोसा जताया। मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं दिल्ली की मुख्यमंत्री बनूंगी। मैं जनता की सेवा के लिए सदैव तत्पर रहूंगी। रेखा गुप्ता ने अपने संबोधन में यह भी स्पष्ट किया कि वह जनता के बीच रहकर कार्य करेंगी और मुख्यमंत्री निवास को ‘शीशमहल’ नहीं बनने देंगी। दरअसल, अरविंद केजरीवाल सरकार के कार्यकाल में मुख्यमंत्री आवास को लेकर भाजपा ने आरोप लगाए थे कि करोड़ों रुपए खर्च करके आलीशान बंगला बनवाया गया था, जिसे भाजपा ने ‘शीशमहल’ कहा था। इसे चुनावी मुद्दा भी बनाया गया था। रेखा गुप्ता ने कहा, “मैं शीशमहल में नहीं रहूंगी। मैं जनता के बीच रहकर उनकी समस्याएं सुनूंगी और उनका समाधान कराऊंगी। रेखा गुप्ता का राजनीतिक सफर काफी संघर्षपूर्ण रहा है। वे छात्र राजनीति से लेकर भाजपा संगठन में विभिन्न पदों पर काम कर चुकी हैं। शालीमार बाग विधानसभा सीट से उन्होंने भारी मतों से जीत हासिल की थी। उनकी छवि एक कर्मठ और जुझारू नेत्री की रही है। मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद रेखा गुप्ता ने कहा कि उनकी प्राथमिकता दिल्ली के नागरिकों को स्वच्छ जल, बेहतर परिवहन, स्वास्थ्य सुविधाएं और सुशासन उपलब्ध कराना है। इसके अलावा प्रदूषण की समस्या से निपटना और महिला सुरक्षा को मजबूत करना उनकी सरकार की प्राथमिकताओं में रहेगा। भाजपा की इस ऐतिहासिक जीत के बाद दिल्ली की राजनीति में नए बदलाव की उम्मीद की जा रही है। अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी के शासनकाल के बाद भाजपा ने दिल्ली की सत्ता में वापसी की है। रेखा गुप्ता ने यह साफ कर दिया है कि उनकी सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाएगी और पारदर्शी प्रशासन देने का प्रयास करेगी। रेखा गुप्ता के मुख्यमंत्री बनने से दिल्ली की जनता में एक नई उम्मीद जगी है। अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि वह अपने कार्यकाल में किस तरह से दिल्ली की जनता की आकांक्षाओं पर खरा उतरती हैं।
