जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहते हुए बीजेपी के एजेंट के जैसे काम कर रहे थे आरसीपी : ललन सिंह

पटना। जदयू अध्यक्ष ललन सिंह ने शुक्रवार को कहा कि वे पहले से ही कहते रहे हैं कि आरसीपी सिंह भाजपा के एजेंट थे। अब आरसीपी के भाजपा में शामिल हो जाने से यह साबित हो गया है कि आरसीपी जब जदयू में थे तब वे भाजपा के एजेंट की तरह काम कर रहे हैं। पार्टी के अंदर नीतीश कुमार को कमजोर करने की साजिश रच रहे थे। और अब वे बुद्धम शरणम् गच्छामि हो गए हैं। उन्होंने आरसीपी पर तंज कसते हुए हुए कहा कि जब आरसीपी जदयू के अध्यक्ष थे तब हर जगह आरसीपी टैक्स की चर्चा होती थी। अब आरसीपी को बताना चाहिए कि आखिर यह आरसीपी टैक्स क्या था। वे वसूलते होंगे तभी तो उनके बारे में यह चर्चा थी। उन्होंने महाराष्ट्र का उदहारण देते हुए कहा कि वहां राज्यपाल द्वारा सरकार को कमजोर किया गया था, इस पर सुप्रीम कोर्ट ने भी टिप्पणी की है। बिहार में राज्यपाल द्वारा दबाव बनाए जाने का सवाल ही नहीं है क्योकि यहां कानून का राज है। उन्होंने कहा कि जब आरसीपी सिंह भाजपा के एजेंट के रूप में बिहार में काम कर रहे थे। उस समय वे सरकार को कमजोर करने की कोशिश कर रहे थे। लेकिन उसके पहले ही बिहार में महागठबंधन की सरकार बन गई। हालांकि वे महाराष्ट्र में सफल हो गए। आरसीपी सिंह ने एक दिन पहले ही दिल्ली में भाजपा की सदस्यता ली। उन्हें केंद्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने सदस्यता दिलाई। बाद में उन्होंने नीतीश कुमार पर जमकर तंज कसा। अब आरसीपी को भाजपा का एजेंट बताते हुए ललन सिंह ने उन्हें कटघरे में खड़ा किया है।

About Post Author

You may have missed