मोदी मंत्रीमंडल का विस्तार : आरसीपी, पारस और सिंधिया ने लिया शपथ

NEWS DESK : जिस पल का इंतजार किया जा रहा था, वो घड़ी आ गई। मोदी मंत्रीमंडल का विस्तार हो गया। बुधवार की शाम 6 बजे राष्ट्रपति भवन के अशोक हॉल में 43 मंत्री शपथ ले रहे हैं, जिनमें 36 नए मंत्री और सात पुराने मंत्रियों का प्रमोशन हुआ है। कैबिनेट विस्तार से पहले 14 मंत्रियों ने इस्तीफा दे दिया है। अभी मोदी के नए सिपाहसलार ज्योतिरादित्य सिंधिया, पशुपति कुमार पारस और आरसीपी सिंह ने मंत्री पद की शपथ ले लिया, अन्य मंत्री शपथ ले रहे हैं।
कैबिनेट मंत्री
नारायण राणे : महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री रह चुके हैं। उद्धव ठाकरे को पार्टी अध्यक्ष बनाए जाने के बाद विरोध करने की वजह से 2005 में शिवसेना से निकाले गए। कांग्रेस में गए और राज्य मंत्री बने। कांग्रेस के बाद बीजेपी में आए। कोंकण के बड़े नेता के तौर पर उन्हें देखा जाता है।
सर्वानंद सोनोवाल : असम के 14वें मुख्यमंत्री रह चुके हैं। वर्तमान में असम के मजालु से विधायक हैं। छात्र नेता से उन्होंने राजनीति की शुरूआत की। कचारी जाति से ताल्लुक रखते हैं। आक्रमक युवा नेता के रुप में पहचाने जाते हैं।
वीरेंद्र कुमार : मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ से सांसद हैं। अल्पसंख्यक मामलों के राज्य मंत्री रहे हैं। चार दशक से राजनीति में सक्रिय हैं। महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री रह चुके हैं।
ज्योतिरादित्य सिंधिया : मध्य प्रदेश से राज्यसभा सांसद हैं। कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में आए और मप्र में शिवराज सरकार बनवाने में अहम भूमिका निभाई। हावर्ड और स्टेनफार्ड से पढ़ाई की है। मनमोहन सिंह की सरकार में मंत्री रह चुके हैं।
रामचंद्र प्रसाद सिंह : जेडीयू के कोटे से राज्यसभा सांसद आरसीपी सिंह पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी हैं। देश के पूर्व नौकरशाह रह चुके हैं। नीतीश कुमार के प्रिसिंपल सेक्रेटरी भी रह चुके हैं।
अश्वनी वैष्णव : उड़ीसा से राज्यसभा सांसद हैं। आईआईटी कानपुर से एमटेक की डिग्री ली है। 1994 बैच के आईएएस अधिकारी रह चुके हैं।
पशुपति पारस : रामविलास पासवान के छोटे भाई हैं और बिहार के हाजीपुर से लोकसभा सांसद हैं।
किरण रिजिजू : नार्थ ईस्ट से बीजेपी का बड़ा चेहरा हैं। अरुणाचल प्रदेश के बीजेपी सांसद हैं। मौजूदा मंत्रिमंडल में खेल राज्यमंत्री हैं।
राजकुमार सिंह : बिहार के आरा से बीजेपी के सांसद हैं। मौजूदा मंत्रिमंडल में उर्जा मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) हैं। भारत के पूर्व गृह सचिव रह चुके हैं।
हरदीप सिंह पुरी : यूएन में भारत के स्थायी प्रतिनिधि रहे हैं। 1974 बैच के आईएफएस अफसर हैं। मौजूदा मंत्रिमंडल में नागरिक उड्डयन मंत्री हैं।
मनसुख मंडाविया : पिछली मोदी सरकार में भी राज्यमंत्री थे। अपनी पदयात्रों के लिए मशहूर हैं। गुजरात से राज्यसभा सांसद हैं। अभी दो मंत्रालय में राज्यमंत्री हैं।
भूपेंद्र यादव : बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव हैं। 25 संसदीय कमेटी के सदस्य हैं। 2012 से राज्यसभा सांसद हैं। राजनीति में आने से पहले सुप्रीम कोर्ट में वकील रह चुके हैं।
पुरुषोत्तम रुपाला : 3 बार गुजरात विधानसभा के सदस्य रहे हैं। वर्तमान में गुजरात से राज्यसभा सांसद हैं। अभी कृषि मंत्रालय में राज्यमंत्री हैं। राजनीति में आने से पहले शिक्षक थे।
जी किशन रेड्डी : सिकंदराबाद से बीजेपी सांसद हैं। मौजूदा मंत्रिमंडल में गृह राज्य मंत्री हैं। आंध्र प्रदेश के पूर्व बीजेपी अध्यक्ष रह चुके हैं।
अनुराग ठाकुर : मौजूदा मंत्रिमंडल में वित्त राज्य मंत्री हैं। वर्तमान में हिमाचल के हमीरपुर से सांसद हैं। बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष रह चुके हैं।
पंकज चौधरी : यूपी के महाराजगंज से सांसद हैं। छठी बार लोकसभा पहुंचे हैं। गोरखपुर के डिप्टी मेयर रह चुके हैं।

About Post Author

You may have missed