राजधानी पटना समेत कई जिलों में वर्षा से बदला मौसम, मौसम विभाग ने जारी की वज्रपात की चेतावनी

पटना। बिहार की राजधानी पटना समेत प्रदेश के कई जिलों में आज सुबह से मौसम खुशनुमा बना हुआ है। मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पटना समेत राज्य के 18 जिलों में सुबह से आसमान में बादल छाए हुए हैं। वही आज सुबह से ही राजधानी पटना में बारिश के बाद मौसम में बदलाव हुआ जिसके कारण प्रदेश के लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली है। वहीं मौसम विभाग ने बिहार के दक्षिणी भागों के एक या दो स्थानों पर आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ हल्की वर्षा के आसार हैं। उत्तर बिहार के 18 जिलों में मेघ गर्जन के साथ मध्यम स्तर की वर्षा का पूर्वानुमान जबकि प्रदेश के पूर्वी व पश्चिमी चंपारण, सीतामढ़ी, अररिया व किशनगंज जिले में भारी वर्षा की चेतावनी है। रविवार को उत्तरी और दक्षिण पूर्वी भागों के सभी जिलों के एक या दो स्थानों पर वज्रपात के साथ मेघ गर्जन होने की संभावना है। किशनगंज और पूर्णिया जिले के एक या दो स्थानों पर भारी वर्षा की चेतावनी है। मौसम विज्ञानी की मानें तो इन दिनों मानसून ट्रफ अमृतसर, अंबाला, बरेली, आजमगढ़, छपरा, मालदह, उत्तरी बांग्लादेश, असम होते हुए नागालैंड की ओर से गुजर रही है। इसके प्रभाव से खासतौर पर दक्षिण बिहार की तुलना में सीमांचल इलाकों में वर्षा की गतिविधियों में तेजी आने के संभावना है।
