राज्य के 19 जिलों में वर्षा और वज्रपात का अलर्ट जारी, पटना ने भीषण गर्मी से लोग हुए परेशान

पटना। राजधानी समेत प्रदेश के उत्तर पश्चिम, दक्षिण पश्चिम और दक्षिण मध्य भागों के एक या दो स्थानों पर वज्रपात और मेघ गर्जन के साथ हल्के से मध्यम स्तर की वर्षा का पूर्वानुमान है। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार राजधानी समेत प्रदेश के 19 जिलों में वज्रपात का अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है। वहीं बुधवार को उत्तरी भागों को छोड़ शेष भागों में इसी प्रकार की स्थिति बने रहने के आसार है। सोमवार को प्रदेश के औरंगाबाद जिले के दाउदनगर में 17.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई। राजधानी का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री ऊपर चढ़ने के साथ 34.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 39.3 डिग्री सेल्सियस के साथ सीतामढ़ी (पुपरी) प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा।
दो दिनों तक रहेगा ऐसा ही मौसम, इन जिलों के लिए अलर्ट जारी
मौसम विज्ञानी की मानें तो मानसून ट्रफ भटिंडा, रोहतक, मध्यप्रदेश एवं दक्षिण उत्तरप्रदेश में बने कम दबाव का क्षेत्र होते हुए चाईंबासा, दीघा होते हुए उत्तर पूर्व बंगाल की खाड़ी की ओर गुजर रही है। इन सभी मौसमी प्रभाव को देखते हुए प्रदेश में मेघ गर्जन व वज्रपात का असर दो दिनों तक रहेगा। जानकारी के अनुसार, राजधानी पटना समेत प्रदेश के पूर्वी व पश्चिमी चंपारण, सारण, सीवान, गोपालगंज, बक्सर, भोजपुर, रोहतास, भभुआ, औरंगाबाद, अरवल गया, नालंदा, शेखपुरा, नवादा, बेगूसराय, लखीसराय एवं जहानाबाद एवं खगड़िया जिले के लिए अलर्ट जारी किया है।

About Post Author