पटना समेत राज्य के कई जिलों में तेज आंधी के साथ वर्षा का अलर्ट जारी, आकाशीय बिजली से रहे सावधान

पटना। पटना समेत पूरे बिहार में बारिश होने से मौसम सुहाना हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को भी प्रदेश में मेघ गर्जन, बिजली चमकने के साथ आंधी-पानी के आसार हैं। इसको लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार, एक ट्रफ लाइन पश्चिम उत्तरप्रदेश से मध्य उत्तरप्रदेश, दक्षिण बिहार, झारखंड, गांगेय पश्चिम बंगाल होते हुए दक्षिण बांग्लादेश तक फैला हुआ है। इनके प्रभाव से प्रदेश में मेघ गर्जन, बिजली चमकने के साथ आंधी-पानी की संभावना है। राजधानी समेत अन्य बांका, सबौर, दरभंगा, छपरा, मोतिहारी, जिरादेई, वाल्मीकि नगर को छोड़ पटना समेत प्रदेश के सभी जिलों के अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। 40.3 डिग्री सेल्सियस के साथ औरंगाबाद में प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। पटना का अधिकतम तापमान 0.8 डिग्री की वृद्धि के साथ 38.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।राजधानी में 1.0 मिमी बारिश दर्ज की गई। पटना और इसके आसपास के अलावा प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिली है। पटना में दोपहर बाद हल्की वर्षा होने के साथ आंशिक बादल छाए रहे।
वज्रपात से शेखपुरा, जहानाबाद और नवादा में चार की मौत
तेज आंधी-पानी के बीच वज्रपात की चपेट में आने से शेखपुरा जिले के शेखोपुरसराय थाना क्षेत्र के छेमा गांव और सदर प्रखंड के सिरारी थाना क्षेत्र के अकौना गांव में दो किसानों की मौत हो गई। दोनों किसान मवेशी चराने के दौरान आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए। मृतकों की पहचान छेमा गांव निवासी राजेंद्र सिंह (65) व अकौना निवासी गोरे लाल यादव (65) के रूप में की गई है। इधर, नवादा जिले के काशीचक थाना क्षेत्र के भट्टा गांव में गुरुवार की दोपहर वर्षा के दौरान वज्रपात से एक बालिका की मौत हो गई। मृत लड़की भट्टा गांव निवासी जयराम पासवान की ग्यारह वर्षीय पुत्री अंजली कुमारी बताई गई है। वह बकरी को घर लाने के लिए खेत में गई थी। वहीं, जहानाबाद के परसबिगहा थाना क्षेत्र के डीहुरी गांव में वज्रपात से अनिल बिंद नामक युवक की जान चली गई। वह शौच के लिए खेत की तरफ गया था।

About Post Author

You may have missed