PATNA : नेहार भूषण को बुद्धा कॉलोनी तो किशोरी सहचरी को पटना महिला थाना की कमान, अतुलेश कुमार बने बिहटा के थानेदार
पटना। पटना के बुद्धा कॉलोनी, महिला और बिहटा थाना में नए थानेदारों की पोस्टिंग हुई है। 1994 बैच के इंस्पेक्टर नेहार भूषण को राजधानी पटना के बुद्धा कॉलोनी थाना की कमान सौंपी गई है। नेहरा भूषण तेज तर्रार पुलिस अफसर हैं। वर्तमान में ये पटना एसएसपी के गोपनीय शाखा में कार्यरत थे। बता दें बीते दिनों बुद्धा कॉलोनी के थानेदार मो. कैसर आलम को शराब माफिया की मदद करने के मामले में दोषी पाए जाने के आरोप में डीजीपी के आदेश के बाद पुलिस मुख्यालय की तरफ से ही सस्पेंड कर दिया गया था। तब से बुद्धा कॉलोनी थाना में थानेदार की कुर्सी खाली पड़ी थी।
अब पटना एसएसपी उपेंद्र कुमार शर्मा ने वहां इंस्पेक्टर नेहार भूषण की पोस्टिंग कर दी है। इसी तरह एसएसपी ने पटना के महिला थाना की कमान इंस्पेक्टर किशोरी सहचरी को सौंपा है। ये 1994 बैच की महिला इंस्पेक्टर हैं। काफी समय से पटना के सिटी एसपी सेंट्रल के आॅफिस में इनकी पोस्टिंग थी। पिछले कुछ महीनों से महिला थाना की कमान सब इंस्पेक्टर कुमारी अंचला को प्रभार के तौर पर दी गई थी। लेकिन पुनपुन थाना की इंस्पेक्टर रहने के दौरान पुनपुन रिसोर्ट में शराब परोसे जाने व देह व्यापार के धंधे होने के मामले में कार्रवाई नहीं किए जाने के कारण पटना एसएसपी ने कार्रवाई की थी। अब यहां थानेदार के रूप में किशोरी सहचरी की पोस्टिंग कर दी गई है।
वहीं, बिहटा थाना की कमान अब 2009 बैच के इंस्पेक्टर अतुलेश कुमार को सौंपा गया है। अतुलेश अब तक बिहटा सर्किल के इंचार्ज थे। इनसे पहले इंस्पेक्टर अवधेश कुमार झा बिहटा के थानेदार थे। लेकिन बालू के अवैध खनन के खेल में फंस गए। सरकार तक इनकी कारिस्तानी पहुंच गई। जिसके बाद इन्हें पटना रेंज के बाहर कर दिया गया। पिछले 5 दिनों से बिहटा थानेदार की कुर्सी खाली थी।


