February 22, 2026

PATNA : डाक विभाग TPS कॉलेज के नाम पर जारी करेगा डाक टिकट और विशेष आवरणवाला लिफाफा

पटना। पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय का प्रमुख टीपीएस कॉलेज को अब लोग पूरे विश्व में जानेंगे और इससे जुड़े यादों को सहेजेगें भी। डाक विभाग कॉलेज के नाम से विशेष आवरण वाला डाक लिफाफा और डाक टिकट जारी करने जा रहा है। इसके लिए सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। मार्च में कार्यक्रम आयोजित कर लिफाफा और डाक टिकट लोगों के लिए समर्पित कर दिया जाएगा।
इस संबंध में कॉलेज के प्राचार्य प्रो. उपेंद्र प्रसाद सिंह ने बताया लिफाफा के ऊपर विशेष आवरण है, जिस पर सुसज्जित कॉलेज का फोटो, नाम और चिन्ह है। इसके अलावा कंप्यूटर और खेलते हुए युवाओं का भी चित्र है। इसी तरह लिफाफा के पीछे ऊपरी हिस्सा में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का कॉलेज में हुए दौरे का फोटो कोलॉज है। जबकि निचले हिस्से में हिन्दी और अंग्रेजी में कॉलेज के बारे में संक्षिप्त जानकारी है। इसमें कॉलेज के संस्थापक, नैक से प्राप्त ग्रेड, कॉलेज में संचालित विभिन्न विभाग और विषय की जानकारी दी गई है। कॉलेज की छात्रा व अंतरराष्ट्रीय कराटे चैंपियन अनन्या आनंद के बारे में भी जानकारी दी गई है। उसका फोटो भी है। कॉलेज में स्थित उन्नत प्रयोगशालाओं सहित अन्य सुविधाओं की भी जानकारी दी गई है। अभी डाक टिकट और लिफाफा की कीमत तय नहीं हुई है। जल्द कीमत तय हो जाएगी। अगले माह औपचारिक रूप से डाक टिकट और लिफाफा को जारी कर दिया जाएगा।


टीपीएस कॉलेज पर केंद्रित डाक टिकट और लिफाफा जारी किया जाएगा। इसमें संस्थान या व्यक्ति के बारे में जानकारी भी होती है। अगले माह जारी होने के बाद इसे देश और विदेश में स्थित डाक विभाग के ब्यूरो में भेजा जाएगा। फिर इसे फिलाटेलिस्ट खरीदकर रख सकेंगे। इस विशेष आवरण वाले लिफाफा से पत्राचार भी हो सकता है।
– राजदेव प्रसाद, प्रवर डाक अधीक्षक, पटना प्रमंडल, पटना-4

You may have missed