महिला कांग्रेस ने ‘मेरी मीता’ कार्यक्रम का किया शुभारंभ,प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक संपन्न

पटना।बिहार प्रदेश महिला कांग्रेस की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक आज पार्टी मुख्यालय सदाकत आश्रम में संपन्न हुई। इस बैठक में महिला कांग्रेस के सभी जिला अध्यक्ष समेत सभी प्रदेश पदाधिकारी एवं अन्य सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।प्रदेश महिला कांग्रेस के अध्यक्ष एवं विधायक अमिता भूषण की अध्यक्षता में यह बैठक हुई। जिसमें संगठित असंगठित क्षेत्र प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय समन्वयक प्रतिष्ठा सिंह की विशेष रूप से उपस्तिथि रही। बैठक के पहले सत्र में आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर किए जाने वाले कार्यक्रमों को लेकर चर्चा हुई। जिसमें प्रदेश महिला अध्यक्ष अमिता भूषण ने महिला प्रकोष्ठ के सभी पदाधिकारियों को आगामी चुनाव के मद्देनजर विभिन्न कार्यक्रमों को मजबूती से अंजाम दिए जाने का निर्देश दिया।इसके साथ ही महिला कांग्रेस के अध्यक्ष अमिता भूषण ने महिला प्रकोष्ठ की सांगठनिक मजबूती के लिए जिला कमेटियों के पुनर्गठन के निर्देश भी दिए।
दूसरे सत्र में महिला कांग्रेस ने ‘मेरी मीता’ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। प्रतिष्ठा सिंह ने ‘मेरी मीता’ का शुभारंभ करते हुए बताया की अक्सर लोग सफलता के पश्चात ऐसे चेहरों को भूल जाते हैं,जिनकी महत्वपूर्ण भूमिका उनके सफलता के पीछे होती है।मीता वास्तव में वही चेहरे हैं जिसका सफलता में अभूतपूर्व योगदान रहा हो।इस दौरान महिला कांग्रेस ने दर्जनभर मीता को सम्मानित किया।बैठक में प्रतिष्ठा सिंह के अलावा सभी जिला अध्यक्ष,प्रदेश पदाधिकारी,कार्यकारी अध्यक्ष डॉ समीर कुमार सिंह,पूर्व अध्यक्ष अनिल शर्मा,जया मिश्रा,डॉ संगीता कुमारी समेत सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थी।

About Post Author