पटना में मंदिर के दानपात्र को चोरी करने वाले दो चोरों को पुलिस ने किया गिरफ्तार, 7,297 रुपए बरामद

पटना। पटना में शराब पीने के लिए मंदिर का दानपत्र उड़ाने वाले दो शातिरों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनके पास से गांधी मैदान कलेक्ट्रेट घाट स्थित मंदिर के दानपत्र से निकाले गए 7,297 रुपए के नोट और सिक्का बरामद किया गया है। पुलिस की गिरफ्त में आए शातिरों का नाम सोनू कुमार और चिंटू कुमार है। इनके पास से बरामद 7,297 रुपए में 1,320 का नोट है। 5,977 रुपए के सिक्के हैं। यह चोरी 9 सितंबर को की गई थी। इसके बाद मंदिर के पुजारी ने गांधी मैदान थाना में केस दर्ज कराया था। पकड़े गए सोनू राजापुल का रहने वाला है। वहीं, चिंटू पुलिस लाइन के पास का रहने वाला है। ये दोनों शराबी हैं। शराब पीने के लिए चोरी की थी। गांधी मैदान के थानाध्यक्ष अरुण कुमार ने बताया कि दानपत्र के चोरी होने का केस दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस को जांच में यह पता चला कि सोनू और चिंटू ने घटना को अंजाम दिया है। पुलिस को दोनों के लोकेशन का पता चला। इसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। इन दोनों पर शराब खरीदने और बेचने का मामला पहले से दर्ज है।

About Post Author

You may have missed