PK के बयान पर सियासत में उबाल, जदयू बोला- जदयू ही रहेगा बड़े भाई की भूमिका में तो भाजपा ने दिया यह जवाब
पटना। बिहार में विधानसभा का चुनाव भले ही अगले साल होने वाला हो, लेकिन इसे लेकर प्रदेश की सियासत में बयानबाजी का दौर शुरू हो गया है। जदयू के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रशांत किशोर ने आगामी बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर कहा है कि जदयू बिहार में बड़े पार्टी की भूमिका में रहेगा इसीलिए उसे विधानसभा चुनाव में 50 प्रतिशत से ज्यादा सीटें मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा को सीट बंटवारे के दौरान जदयू के प्रस्ताव पर पहले विचार करना चाहिए।
प्रशांत ने सीट बंटवारे का दिया ये फॉर्मूला
प्रशांत किशोर ने कहा कि बीजेपी से सीट बंटवारे को लेकर अनुपात 1 बटे 1.3 या 1.4 ही रहेगा। साथ ही प्रशांत किशोर ने एनआरसी को लेकर भी अपनी पार्टी का स्टैंड साफ किया और कहा कि नीतीश कुमार ने पहले ही कह दिया है कि हमारी पार्टी बिहार में एनआरसी लागू नहीं करेगी।
जदयू नेताओं ने कहा- नीतीश के नेतृत्व में ही लड़ा जाएगा चुनाव
प्रशांत किशोर के बयान पर जदयू नेता और परिवहन मंत्री संतोष निराला ने कहा कि विधानसभा चुनाव में जदयू ही बड़े भाई की भूमिका में रहेगा और नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही चुनाव लड़ा जाएगा। सीट बंटवारे के मुद्दे पर बैठकर वार्ता की जाएगी। जदयू नेता श्याम रजक ने कहा कि अभी पार्टी की तरफ से कोई फैसला नहीं हुआ है। जेडीयू और मुख्यमंत्री का चेहरा बिहार में बड़ा है और पार्टी में जदयू और मुख्यमंत्री के चेहरे में नीतीश कुमार का चेहरा बड़ा है।
प्रशांत के बयान पर भाजपा ने दिया जवाब
प्रशांत किशोर के सीटों के बंटवारें के बयान पर भाजपा के वरिष्ठ नेता व मंत्री नंदकिशोर यादव ने प्रशांत किशोर के बयान पर कहा कि सीट बंटवारे पर दिया बयान पार्टी का बयान नहीं है इसीलिए यह गैरजरूरी बयान है। वहीं भाजपा नेता नितिन नवीन ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सीट बंटवारे पर आखिरी फैसला पार्टी हाईकमान को लेना है, तो ऐसे में ये समझ से परे है कि इस मुद्दे पर प्रशांत किशोर ऐसी बयानबाजी क्यों कर रहे हैं? नितिन नवीन ने कहा कि प्रशांत किशोर बिन मौसम के बरसात हैं और उनका बयान जदयू का आधिकारिक बयान नहीं है। आनेवाला समय बताएगा बड़ा कौन है छोटा कौन?


