PATNA : इमारत ए शरिया के अमीर ए शरीयत हजरत मौलाना वली रहमानी का निधन, राजद-कांग्रेस-जाप ने जताया शोक
- पटना के पारस हॉस्पिटल में 80 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस
फुलवारी शरीफ/पटना। आल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के जनरल सेक्रेटरी और बिहार, झारखंड एवं उड़ीसा के मुसलमानों की सबसे बड़ी एदारा इमारत ए शरिया के अमीर ए शरीयत हजरत मौलाना वली रहमानी का शनिवार को पटना के पारस हॉस्पिटल में निधन हो गया। हजरत अमीर ए शरीयत मौलाना वली रहमानी के निधन की खबर से हर तरफ शोक की लहर दौड़ गई। शुक्रवार को ही हजरत अमीर ए शरीयत के जल्द सेहतमंद होने के लिए पटना, मुंगेर सहित बिहार-झारखंड के कई जिलों में जुमा नमाज के बाद दुआएं हुई थी।
इसकी जानकारी इमारत शरिया के मौलाना अरशद रहमानी ने देते हुए बताया कि हजरत अमीर ए शरीयत मौलाना वली रहमानी कुछ दिनों से काफी बीमार चल रहे थे। उन्हें टायफाइड होने की जानकारी चिकित्सकों ने दी थी। उनका पटना के पारस हॉस्पिटल में आईसीयू में रखकर इलाज चल रहा था। दो-तीन दिन पहले ही डॉक्टरों ने बताया था कि उनका कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आया था। जिसके बाद उनकी तबियत लगातार बिगड़ती चली गयी और शनिवार को दोपहर हजरत अमीर ए शरीयत मौलाना वली रहमानी हमारे बीच नहीं रहे। हजरत ने करीब 80 वर्ष की उम्र में अंतिम सांस ली। हजरत अमीर ए शरीयत के निधन की खबर मिलते ही इमारत शरिया का माहौल गमगीन हो गया।
राजद बोला, सामाजिक जगत की हुई अपूरणीय क्षति
राष्ट्रीय जनता दल ने अमीर हजरत मौलाना वली रहमानी के असामयिक निधन पर गहरा शोक प्रकट किया है। राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव, पूर्व मंत्री सह विधायक तेजप्रताप यादव, सांसद डॉ. मीसा भारती, प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रामचन्द्र पूर्वे, रमई राम, अब्दुलबारी सिद्दिकी, पूर्व विधान सभाध्यक्ष उदय नारायण चौधरी, राष्ट्रीय महासचिव श्याम रजक, भोला यादव, अशोक कुमार सिंह, डॉ. तनवीर हसन, वृषिण पटेल, आलोक कुमार मेहता, पूर्व विधायक शक्ति सिंह यादव, चितरंजन गगन, मृत्युंजय तिवारी, चन्देश्वर प्रसाद सिंह, मदन शर्मा, निराला यादव, फैयाज आलम कमाल, डॉ. पे्रम कुमार गुप्ता, निर्भय अम्बेदकर आदि ने अपने शोक संदेश में कहा कि मौलाना साहब आप दुनिया से भले हीं रूखस्त हो गये लेकिन आपकी तहरीकात, तहरीरे इल्म और अमल हमेशा जिन्दा रहेगी। उनके असामयिक निधन से सामाजिक जगत की अपूरणीय क्षति हुई है। दुख की इस घड़ी में मृत आत्मा की चिर शांति तथा परिजनों एवं इष्टमित्रों को दुख सहने की शक्ति देने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
पप्पू यादव ने जताया शोक


जन अधिकार पार्टी (लो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष पप्पू यादव ने मौलाना सैय्यद मो. वली रहमानी के निधन पर शोक प्रकट किया है। पप्पू यादव ने कहा कि वली रहमानी साहब के निधन की खबर सुन कर मुझे निजी तौर पर गहरा दु:ख हुआ है। अल्लाह उन्हें जन्नत में जगह दे और इस दु:ख की घड़ी में उनके परिवारवालों को हिम्मत दे। जाप अध्यक्ष ने आगे कहा कि मौलाना रहमानी साहब का इस दुनिया से जाना बिहार के लिए बड़ी क्षति है। उनका नाम बिहार एवं देश के मशहूर आलिम- ए- दीन में शुमार होता था। उनके द्वारा लिए गए फैसले हमें हमेशा याद रहेंगे।
कांग्रेस ने जताया गहरा दुख
वहीं मौलाना सैय्यद मो. वली रहमानी साहब के निधन की खबर पर बिहार कांग्रेस के प्रभारी भक्त चरण दास, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मदन मोहन झा एवं प्रभारी सचिव वीरेन्द्र सिंह राठौड़, विधायक दल के नेता अजीत शर्मा, कांग्रेस के चारों कार्यकारी अध्यक्ष समीर कुमार सिंह, कौकब कादरी, श्याम सुंदर सिंह धीरज तथा डॉ. अशोक राम एवं एमएलसी प्रेम चंद्र मिश्रा ने गहरा दुख व्यक्त किया है। बिहार प्रदेश कांग्रेस के मीडिया कमेटी के चेयरमैन राजेश राठौड़, प्रवक्ता जया मिश्र, आनंद माधव, डॉ. राजीव रंजन प्रसाद, सुबोध कुमार, ब्रजेश पांडेय, कुमार आशीष, असफर अहमद, डॉ. हसनैन कैसर, स्नेहाशीष वर्धन पांडेय समेत कई अन्य कांग्रेस के नेताओं ने भी उनके निधन पर गहरा दुख जताया है।

