PATNA : पालीगंज में अज्ञात अपराधियों ने युवक को मारी गोली, पीएमसीएच रेफर
पालीगंज। पटना के पालीगंज थाना क्षेत्र के जलपुरा गांव के पास सोन नदी घाट के पास शुक्रवार की रात अपराधियों ने एक युवक को गोली मार दिया। इस घटना में घायल युवक को इलाज के लिए गंभीर स्थिति में पालीगंज अनुमंडल अस्पताल से पीएमसीएच भेजा गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, बीते शुक्रवार की रात पालीगंज थाना क्षेत्र के जलपुरा गांव निवासी 19 वर्षीय अमित कुमार को गांव स्थित सोन नदी घाट पर अपराधियों ने गोली मार दिया। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे परिजनों ने इलाज के लिए अमित को घायल स्थिति में पालीगंज अनुमंडल अस्पताल लाया। जहां से घायल की गंभीर स्थिति को देख डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद पीएमसीएच रेफर कर दिया।
बताया जा रहा है कि वाहनों से अवैध बालू के पैसे वसूली करने को लेकर घटना का अंजाम दिया गया है। इस मामले में पालीगंज इंस्पेक्टर सुनील कुमार ने बताया कि घायल के परिजनों द्वारा दिये गए आवेदन के आधार पर मामले की जांच किया जा रहा है।


