पटना का दबंग वांटेड भूमि माफिया नीरज सिंह गिरफ्तार,भूमि पर अवैध कब्जा समेत रंगदारी के कई मामले..

पटना।राजीव नगर थाना क्षेत्र के बड़े भूमि माफिया नीरज सिंह को आज पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।नीरज सिंह पर कई जमीनों पर अवैध कब्जा तथा अवैध कब्जा के लिए गोलीबारी करने का आरोप था। दीघा अधिग्रहित भूमि पर नीरज सिंह बाकायदा गिरोह बनाकर जमीन कब्जा तथा अवैध वसूली के कारोबार का संचालन करता था। पिछले दिनों नीरज सिंह पर भूमि कब्जा को लेकर एक व्यक्ति पर गोली चलाने का भी मामला दर्ज हुआ था। नीरज सिंह को पुलिस की कई अन्य मामलों में भी तलाश थी। बताया जाता है कि राजीव नगर तथा दीघा क्षेत्र के कई भूमि माफियाओं में नीरज सिंह सबसे अधिक दहशत कायम था। इस बार पुलिस ने नीरज सिंह को एक पूर्व सैनिक से 20 लाख रुपए के रंगदारी मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया है।नीरज सिंह को पुलिस के द्वारा कल रात में ही गिरफ्तार कर लिया गया था। नीरज सिंह को गिरफ्तार करने के लिए पटना पुलिस के वरीय अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया।

नीरज सिंह लंबे समय से जमीन कब्जा करने का सिंडिकेट राजीवनगर, केशरीनगर, नेपालीनगर मुहल्ले में चलाता था। नीरज सिंह पर जबरन जमीन कब्जा के कई आरोप हैं।राजीव नगर थाना क्षेत्र के कई भूखंडों पर नीरज सिंह पर खरीददारों से जबरन उगाही करने का आरोप है। विगत वर्ष राजीव नगर थाना क्षेत्र में आवास बोर्ड के सरकारी जमीन पर कब्जा करने को लेकर दिनदहाड़े दो गुटों के बीच में गोलीबारी हुई थी। इस मामले में आवास बोर्ड ने थाने में भू-माफिया सुनील सिंह तथा नीरज सिंह सहित आधा दर्जन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराया था। नीरज सिंह पर अपने चचेरे भाई सुनील सिंह पर भी गोली चलाने का आरोप था।दोनों भाइयों के बीच भूमि कब्जे को लेकर पुरानी अदावत रही है। सूत्रों के अनुसार सुनील सिंह के पिता सत्यनारायण सिंह के निधन के बाद दोनों भाइयों के बीच सुलह हो गया था।