PATNA : महात्मा गांधी, लाल बहादुर शास्त्री और प्रजापति मिश्र को कांग्रेस ने किया याद, भाजपा पर बोला हमला

पटना। महात्मा गांधी की 152वीं जयंती, पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की 116वीं और बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के पूर्व अध्यक्ष पंडित प्रजापति मिश्र की 122वीं जयंती शुक्रवार को सदाकत आश्रम में बड़े उत्साह के साथ मनायी गयी।
बिहार कांग्रेस के अध्यक्ष डॉ. मदन मोहन झा की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में कांग्रेस विधान मंडल दल के नेता सदानन्द सिंह, अभियान समिति के अध्यक्ष डॉ. अखिलेश प्रसाद सिंह, कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. अशोक कुमार, डॉ. समीर कुमार सिंह, कौकब कादरी के साथ-साथ प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं बड़ी संख्या में कांग्रेस जन उपस्थित थे।
इस अवसर पर सदाकत आश्रम स्थित महात्मा गांधी की मूर्ति पर माल्यार्पण के बाद गांधी जी के व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए डॉ. मदन मोहन ने कहा कि वर्तमान संदर्भ में महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, अपरिग्रह एवं सहिष्णुता के सिद्धांत की प्रासंगिकता और बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि देश के सत्ताधारी दल भाजपा के नेता गोडसे विचारधारा को आगे कर देश में साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने में लगे हैं। उन्होंने कांग्रेसजनों का आह्वान किया कि वे इस अवसर पर संकल्प लें कि महात्मा गांधी के आदर्श एवं विचार को बनाये रखने के लिये देश में कोई भी त्याग के लिये तैयार रहें। इस अवसर पर उपस्थित नेताओं एवं कांग्रेसजनों ने महात्मा गांधी, लाल बहादुर शास्त्री एवं प्रजापति मिश्र के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को स्मरण करते हुए उनके चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।
श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में विधायक राजेश कुमार, बंटी चौधरी, भावना झा, पूर्व मंत्री डॉ. ज्योति, अर्जुन मंडल, पूर्व विधायक अमरनाथ तिवारी, लाल बाबू लाल, सतीश कुमार, प्रवक्ता राजेश राठौड़, आनन्द माधव, जया मिश्रा, ब्रजेश प्रसाद मुनन, अम्बुज किशोर झा, राजेश कुमार सिंहा, चन्द्र प्रकाश सिंह, डॉ. पुरूषोत्तम मिश्र, उर्मिला सिंह नीलू आदि शामिल रहे।

You may have missed