PATNA : पत्नी की हत्या कर शव को कमरे में बंद कर फरार होने वाला पति गिरफ्तार
फतुहा। पटना के नदी थाना पुलिस ने मंगलवार की रात्रि कच्ची दरगाह से एक ऐसे युवक को गिरफ्तार किया है जो बीते 14 अक्टूबर को अपने पत्नी की हत्या कर शव को उसके बच्चे के साथ कमरे मे बंद कर फरार हो गया था। पुलिस ने यह गिरफ्तारी उस समय की जब वह बीती रात कच्ची दरगाह पहुंचकर किसी से मिलने का प्रयास कर रहा था। गिरफ्तार युवक विकास कुमार है।


विदित हो कि बाइपास थाना क्षेत्र के मर्ची गांव निवासी विकास कुमार ने बीते 14 अक्टूबर को कच्ची दरगाह स्थित अपने किराए के मकान में अपनी पत्नी पूजा कुमारी की गला दबाकर हत्या कर दी थी तथा उसके छोटे बच्चे को उसके शव के साथ सुलाकर तथा कमरे को बंद कर अपने परिजनों के साथ फरार हो गया था। इस संदर्भ में मृतका की मां पूनम देवी ने नदी थाने में मृतका के पति व उसके परिजनों को आरोपित करते हुए प्राथमिकी दर्ज करायी थी। प्राथमिकी के आधार पर बताया गया था कि पत्नी द्वारा एक जमीन को पति के नाम नहीं करने पर युवक ने उसकी गला दबाकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने इस बाबत दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज किया था।

