गया में मोहर्रम पर चंद्रयान 3 की तर्ज पर निकाली गई ताजिया, बना आकर्षण का केंद्र

गया। मिशन चंद्रयान 3 का लुक ताजिया के रूप में लोगों को खूब भा रहा है। गया के कारीगरों ने दिन रात मेहनत कर इस अनोखे ताजिया को तैयार किया है। यह ताजिया जितना खास है इसे बनाने वाले कारीगर भी उतने ही खास हैं। दरअसल नक्सल प्रभावित मैगरा थाना क्षेत्र के रहने वाले कारीगरों ने इसे तैयार किया है। मिशन चंद्रयान 3 के लुक में यह ताजिया आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। इसके साथ सेल्फी लेने वालों की होड़ लगी है। इसमें मिशन चंद्रयान 3 का लुक दिया गया है। साथ ही इसमें इसरो भी लिखा है। इस तरह यह चंद्रयान लुक ताजिया क्षेत्र में काफी चर्चित हो रहा है। वहीं, अधिकारी भी इसकी प्रशंसा कर रहे हैं। मैगरा थाना अंतर्गत गुड्डी फील्ड में प्रतिवर्ष मुहर्रम त्यौहार के दसवें दिन आकर्षक ताजिया प्रदर्शन किया जाता है। इस बार मैगरा थाना अंतर्गत बिकुआ कला में कारीगरों ने मिशन चंद्रयान 3 के लुक में ताजिया तैयार किया है। कमेटी के सदस्यों ने कहा कि देश का मान सम्मान पूरी दुनिया में बढ़ा है इसलिए इस ताजिया को भारत के मिशन चंद्रयान 3 का लुक दिया गया है।
कारीगरों ने देश को समर्पित किया ताजिया
इस संबंध में कमेटी के सदस्य मोहम्मद शाहिद, मोहम्मद शाहनवाज मास्टर, कारीगर अखलाक अहमद, मोहम्मद इसरार मास्टर, मोहम्मद इनामुल बताते हैं, कि भारत ने मिशन चंद्रयान 3 लॉन्च कर अंतरिक्ष क्षेत्र में विश्व में भारत को पहचान दी है। इसरो द्वारा यह किया गया है। इसी खुशी को लेकर मोहर्रम पर्व के अवसर पर संदेश देने के लिए गया के मैगरा के बिकुआ कला के कारीगरों ने 3 दिन में चंद्रयान 3 का लुक बनाकर तैयार किया है। इसे बनाने में करीब 40 से 50 हजार की लागत आई है। कारीगरों का कहना है कि मिशन चंद्रयान 3 के लुक पर बना ताजिया पूरे क्षेत्र में आकर्षण का केंद्र बन गया है। लोग इसे देखने के लिए लगातार आ रहे हैं। मिशन चंद्रयान 3 के मॉडल में बने ताजिया को देखने के लिए लोगों का तांता लगा हुआ है। जो भी आ रहा है, वह चंद्रयान 3 माडल वाले ताजिया की तारीफ किए बिना नहीं रहा।यहां के कारीगर हर साल कुछ न कुछ नया करते हैं। इनकी चाहत है कि कोई न कोई पुरस्कार बड़े स्तर से मिले।

You may have missed