बुरे फंसे नीतीश के मंत्री, महिलाओं के बारे में कितना घटिया सोचते हैं भाजपा के मंत्री

पटना। कांग्रेस पार्टी में एंट्री करनेवाली प्रियंका गांधी पर विवादित बयान देकर सीएम नीतीश कुमार के मंत्री विनोद नारायण झा बुरे फंस गए हैं। उनके विवादित बयान को लेकर बिहार में सियासत तेज हो गई है। राजद और कांग्रेस पूरी तरह मंत्री व सरकार पर हमलावर हो गई हैं। मंत्री विनोद नारायण झा के बयान को नेताओं ने घटिया और घिनौना बताया है। हालांकि जदयू ने भी मंत्री के इस बयान की कड़ी निंदा की है।
बता दें मंत्री विनोद नारायण झा ने गुरूवार को मीडिया से बात करते हुए प्रियंका गांधी को नौसिखुआ बताते हुए कहा था कि सुंदर चेहरा पर वोट नहीं मिलता है। कांग्रेस ने वोट के लिए ही सुंदर चेहरा को उतारा है। इस बयान के बाद समझा जा रहा था कि बिहार की सियासत गर्म होगी। इधर कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता व विधान पार्षद प्रेमचंद मिश्रा ने मंत्री का नाम लेकर कहा कि विनोद नारायण झा कभी कांग्रेस का ‘पेड स्टाफ’ थे। उन्हें पैसा देकर बहाल किया गया था। उनके जेहन में जरा-सा भी राजीव जी का चेहरा नजर नहीं आया। उन्होंने कहा कि मंत्री का प्रियंका पर दिया गया बयान निहायत ही घटिया है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ऐसे मंत्री को बर्खास्त करें अथवा उन्हें सुरक्षा दें, क्योंकि जनता ऐसे बयान से आक्रोशित है। कांग्रेस के कार्यकर्ता भी काफी गुस्से में हैं। ऐसे में उन्हें बाहर निकलने में परेशानी हो सकती है। वहीं कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष कौकब कादरी ने कहा कि भाजपा के मंत्री की ओर से प्रियंका गांधी पर दिए जा रहे बेतूके बयान उनकी दूषित सोच व महिलाओं के प्रति अनादर का भाव दिखाता है। उन्होंने कहा कि बीजेपी बेटियों का अपमान करना बंद करें और कांग्रेस से महिलाओं व मानव मूल्यों को सम्मान करने का संस्कार सीखे। इतना ही नहीं कांग्रेस की विधायक भावना झा भी काफी गुस्से में दिखीं। उन्होंने कहा कि वे एक महिला विधायक के बारे में कितना घटिया सोचते हैं। उन्होंने कहा कि विनोद नारायण झा को क्षेत्र के विकास से कोई मतलब नहीं रहा है। पहले वे इसी के कारण पंडौल से हारे। दूसरी बार बेनीपट्टी से एक महिला ने ही हराया था। उनको हमने ही चुनाव में पराजित किया था।
बयान देने के पहले वे अपनी मां-बहन का चेहरा देखते: दूसरी ओर महागठबंधन में शामिल राजद के प्रवक्ता भाई बीरेंद्र ने कहा कि मंत्री ने प्रियंका गांधी को लेकर काफी घिनौना बयान दिया है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बीजेपी तो शुरू से महिला विरोधी रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे मंत्री को नीतीश कुमार मंत्रिमंडल से हटाएं। साथ ही मंत्री महिलाओं से माफी मांगें। वहीं उन्होंने यह भी कहा कि माफी नहीं मांगने की स्थिति में महिलाएं मंत्री विनोद नारायण झा के खिलाफ आंदोलन करें। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि मंत्री को चाहिए था कि बयान देने के पहले वे अपनी मां-बहन का चेहरा देखते। वहीं राजद संसदीय दल के नेता जयप्रकाश नारायण यादव ने कहा कि बीजेपी मंत्री के बयान की जितनी निंदा की जाए, वह कम है। विनोद नारायण झा ने घटिया बयान दिया है और इसके लिए वे माफी मांगें। जबकि राजद प्रवक्ता एज्या यादव ने कहा कि विनोद नारायण झा को बयान देने के पहले अपनी मां, बहन व पत्नी का चेहरा देखना चाहिए था। उन्होंने कहा कि महिलाओं के बारे में वे कितना घटिया सोचते हैं, इससे मेरा खून खौल जाता है। इसके पहले वे लोग सोनिया गांधी के बारे में सफेद स्किन को लेकर कमेंट करते थे। अब प्रियंका गांधी पर बोल रहे हैं।

About Post Author

You may have missed