लवली आनंद ने थामा ‘हाथ’, अनंत सिंह पर अभी कोई फैसला नहीं

पटना। आनंद मोहन की पत्नी पूर्व सांसद लवली आनंद ने कांग्रेस का ‘हाथ’ थाम लिया है। वे शुक्रवार को बाजाप्ता कांग्रेस की सदस्यता ले ली। लवली आनंद को बिहार कांग्रेस प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल ने पार्टी की सदस्यता दिलाई। मौके पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा भी उपस्थित थे। कांग्रेस के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने लवली आनंद का पार्टी में आने का स्वागत किया है। उधर समर्थकों की मानें तो लवली आनंद शिवहर से लोकसभा चुनाव लड़ सकती हैं।
इसके पहले पूर्व सांसद लवली आनंद पाटलिपुत्र कॉलोनी स्थित आवास से अपने समर्थकों के साथ सदाकत आश्रम स्थित कांग्रेस कार्यालय पहुंची। वहां पार्टी की ओर से गर्मजोशी से स्वागत किया गया। मौके पर बिहार प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। सदस्यता ग्रहण करने के मौके पर कांग्रेस की ओर से मदन मोहन झा के अलावा राज्यसभा सांसद अखिलेश सिंह, विधान पार्षद प्रेमचंद मिश्रा, पूर्व अध्यक्ष अनिल शर्मा समेत अन्य नेता उपस्थित थे। वहीं लवली आनंद के पुत्र चेतन आनंद समेत फ्रेंड्स आॅफ आनंद के पदाधिकारी व कार्यकर्ता भी काफी संख्या में अस मौके पर मौजूद रहे। इनमें फ्रेंड्स आॅफ आनंद के प्रदेश अध्यक्ष कुलानंद यादव, प्रवक्ता पवन राठौर आदि शामिल थे।
उधर फ्रेंड्स आॅफ आनंद के प्रदेश प्रवक्ता पवन राठौर के अनुसार उनका संगठन पूर्व की तरह चलता रहेगा। फ्रेंड्स आॅफ आनंद का पार्टी में विलय नहीं होगा। वहीं कांग्रेस के नेताओं ने कहा कि लवली आनंद के पार्टी में आने से कांग्रेस और अधिक मजबूत होगी। हालांकि वे लोकसभा चुनाव कहां से लड़ेंगी, इस पर कोई बोलने को तैयार नहीं है। बहरहाल, समर्थकों के बीच चर्चा है कि लवली आनंद शिवहर से लोकसभा चुनाव की कांग्रेस प्रत्याशी हो सकती हैं। बता दें कि कांग्रेस प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल दो दिन पहले मीडिया से बात करते हुए कहा था कि लवली आनंद का कांग्रेस में आना तय हो गया है, जबकि सांसद पप्पू यादव और मोकामा विधायक अनंत सिंह पर अभी कोई फैसला नहीं हुआ है। इन दोनों पर मंथन चल रहा है।

About Post Author

You may have missed