खबरें बाढ़ की : महिला को कुचला, 9 ज्ञात और 150 अज्ञात के विरुद्ध मामला दर्ज, नए प्रखंड अध्यक्ष व महासचिव मनोनीत, शिक्षक संघ का चुनाव संपन्न

अनियंत्रित पिकअप ने महिला को कुचला, मौत
बाढ़। बुधवार को एक बार फिर सड़क दुर्घटना में एक महिला की मौत हो गयी। बाढ़ थाना क्षेत्र के सेंट्रल बैंक के पास एनएच 31 पर अनियंत्रित गति से जा रही पिकअप वैन ने एक महिला को बुरी तरह से रौंद डाला, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गयी। सूचना मिलने पर बाढ़ पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और महिला को इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल लाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका की पहचान 45 वर्षीय सुमन देवी के रूप में की गयी है, जो बाढ़ के चोंदी पर मोहल्ला के वार्ड नंबर 7 की निवासी थी। मृतका को पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। घटना से परिवार के लोग सदमे में है, वहीं सभी का रो-रोकर बुरा हाल है।
बता दें कि पिछले कुछ दिनों में सड़क दुर्घटनाओं में कई लोगों की मौत हो चुकी है। ज्यादातर सड़क दुर्घटनाएं पिकअप और हाइवा के चलने से हो रही है। प्रशासन को इस प्रकार के वाहनों की गति पर खास नियंत्रण रखने की आवश्यकता है तथा समय-समय पर इनके चालकों की जांच भी आवश्यक है।

सड़क जाम और तोड़फोड़ के मामले में 9 ज्ञात और 150 अज्ञात के विरुद्ध मामला दर्ज
बाढ़। बीते मंगलवार को पटना के बाढ़ थाना क्षेत्र के मलाही गांव के पास एनएच 31 पर बाइक सवार देवी पासवान की हाईवा से कुचलकर हुई मौत के बाद स्थानीय ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा था। ग्रामीणों के द्वारा ड्राइवर और खलासी के साथ मारपीट किए जाने के साथ ही वाहन को पूरी तरह से क्षतिग्रस्त कर दिया था। इतना ही नहीं, एनएच को करीब 3 घंटे तक जाम रखते हुए हंगामा किया गया। कई वाहन को भी क्षति पहुंचाई गई थी। इस दौरान बाढ़ में यातायात व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई। बाद में पुलिस प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के द्वारा जाम को हटाया गया। इस मामले में पुलिस ने 9 ज्ञात और 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करते हुए मामले की छानबीन शुरू कर दी है। बाढ़ थाना अध्यक्ष राजनंदन ने बताया कि असामाजिक तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी।

राजद ने नए प्रखंड अध्यक्ष व महासचिव किए मनोनीत
बाढ़। राजद के बाढ़ जिला में बुधवार को नए बाढ़ प्रखंड अध्यक्ष तथा महासचिव बनाए गए। बाढ़ जिलाध्यक्ष महेश सिंह के द्वारा बाढ़ प्रखंड अध्यक्ष के रूप में आलोक कुमार सिंह (राणाबिगहा, बाढ़) तथा नित्यानंद कुमार को बाढ़ प्रखंड का महासचिव बनाया गया है। नवमनोनीत प्रखंड अध्यक्ष आलोक कुमार सिंह एवं नित्यानंद कुमार को जिला प्रवक्ता मिथिलेश कुमार यादव, पंकज कुमार राय, जिलाध्यक्ष महेश सिंह, रामकिशोर चंद्रवंशी सहित अन्य राजद कार्यकर्ताओं ने बधाई दी है। सभी ने विश्वास जताया है कि उनके नेतृत्व में प्रखंड में राजद का संगठन मजबूत और धारदार होगा।

प्रखंड माध्यमिक शिक्षक संघ का चुनाव संपन्न
बाढ़। बुधवार को अनुग्रह नारायण सिंह प्लस टू उच्च माध्यमिक विद्यालय के प्रांगण में बाढ़ प्रखंड माध्यमिक शिक्षक संघ का चुनाव संपन्न कराया गया। प्रखंड माध्यमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष पद पर जगन्नाथन उच्च विद्यालय के पूर्व प्रधानाचार्य सत्येंद्र प्रसाद सिंह को निर्वाचित किया गया। वहीं उपाध्यक्ष पद पर प्रभारी प्रधानाध्यापक अनुग्रह नारायण सिंह प्लस टू उच्च माध्यमिक विद्यालय के अरुण कुमार को निर्वाचित घोषित किया गया। प्रमोद कुमार को सचिव तथा नरेंद्र कुमार को कोषाध्यक्ष बनाया गया। अशोक कुमार शर्मा को अनुमंडल कार्यसमिति सदस्य, विजयलक्ष्मी एवं वेणु कुमारी को प्रखंड कार्यसमिति सदस्य, राज्य पार्षद के रूप में शांति भूषण निराला, परमहंस कुमार, मनोज कुमार तथा जिला पार्षद के रूप में मोहम्मद मंजर, सीताराम सिंह, डॉक्टर नवीन कुमार, सरिता शर्मा और कमलेश कुमार को निर्वाचित किया गया।

About Post Author

You may have missed