September 17, 2025

खबरें बाढ़ की : एसडीओ का विदाई समारोह, मुख्यमंत्री का आगमन 13 को, दो पक्षों में जमकर मारपीट

बाढ़ एसडीओ के विदाई समारोह का जगह-जगह आयोजन
बाढ़। पटना के बाढ़ अनुमंडल पदाधिकारी सुमित कुमार का तबादला समाज कल्याण विभाग के ज्वाइंट सेक्रेट्री के रूप में हो जाने के बाद उनका जगह-जगह विदाई समारोह मनाया जा रहा है। बीते बुधवार की रात्रि नगर परिषद में नगर अध्यक्ष राजीव कुमार चुन्ना, कार्यपालक पदाधिकारी डॉ. जनार्दन प्रसाद वर्मा सहित दर्जनों लोगों ने नगर परिषद परिसर में एक कार्यक्रम के तहत उन्हें विदाई दी। वहीं गुरुवार को सहकारिता विभाग के कार्यालय में पैक्स अध्यक्षों के द्वारा उनका विदाई समारोह मनाया गया और उन्हें सम्मानपूर्वक अंगवस्त्र एवं पुष्प गुच्छ देकर सम्मानित किया गया। वहीं शाम में अनुमंडल मुख्यालय में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें अनुमंडल के तमाम आला अधिकारी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी उपस्थित थे। इस मौके पर डीसीएलआर अनिल कुमार आर्य, सभी प्रखंडों के बीडीओ और अंचलाधिकारी सहित अनुमंडल आपूर्ति पदाधिकारी और प्रखंड के मार्केटिंग आॅफिसर ने उनका स्वागत करते हुए विदाई की। वहीं नए अनुमंडल पदाधिकारी कुंदन कुमार का स्वागत किया गया। विदाई समारोह में अपने उद्बोधन के दौरान एसडीओ सुमित कुमार भावुक हो गए।

मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जदयू कार्यकर्ताओं की बैठक
बाढ़। गुरुवार को सवेरा सिनेमा हॉल परिसर में 13 मार्च को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। जदयू कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्रीके बाढ़ आगमन को लेकर तैयारी का जायजा लिया, साथ ही लोगों ने आपस में बैठक कर कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए घंटों बैठक की। जिसमें जदयू के वरिष्ठ नेता शंकर सिंह, जिला अध्यक्ष परशुराम पारस, सरवन कुमार, सुनील देव, अरुण कुमार, शंभू नारायण सिंह सहित दर्जनों कार्यकर्ताओं ने अपने अपने विचार और उद्गार प्रकट किया।

मार्केटिंग आफिसर ने लिया पदभार
बाढ़। प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी रंजीत राणा का तबादला हो जाने के बाद उनके जगह पर शैलेश कुमार ने पदभार ग्रहण करते हुए खुशी जाहिर की, साथ ही उन्होंने कहा कि जन वितरण व्यवस्था में सही तरीके से गरीब एवं असहाय लोगों को अनाज की आपूर्ति कराना एवं लोगों की शिकायत पर अमल करना हमारी पहली प्राथमिकता होगी। इस मौके पर अनुमंडल आपूर्ति पदाधिकारी हरेंद्र कुमार वर्मा, मार्केटिंग आफिसर अरुण कुमार, सुशील कुमार सहित पीडीएस विभाग के कई लोग उपस्थित थे।

फसल काटने के विवाद में दो पक्षों में जमकर मारपीट, दो गंभीर रूप से जख्मी
बाढ़। थाना क्षेत्र के चौपड़ दियारा इलाके में गुरुवार की दोपहर फसल काटने के विवाद को लेकर करीब एक दर्जन की संख्या में बदमाशों ने अचानक दूसरे पक्ष के ऊपर हमला बोल दिया, जिसमें लाठी-डंडे और पिस्टल की बट से मारपीट कर दो लोगों को गंभीर रूप से और 2 लोगों को साधारण तौर पर जख्मी कर दिया। घायलों में 20 वर्षीय संतोष कुमार, 35 वर्षीय अशोक राय, 27 वर्षीय भागीरथ राय और 24 वर्षीय मुकेश कुमार शामिल है।
बताया जाता है कि घटना फसल काटने के विवाद को लेकर हुई है। मारपीट की घटना में अशोक राय की हालत गंभीर है, जिसका इलाज बाढ़ अनुमंडल अस्पताल में चल रहा है। वहीं भगीरथ राय को भी काफी चोटें आई है। दोनों पक्ष के कारू राय और मुकेश कुमार ने बाढ़ थाना में अलग-अलग लिखित शिकायत दर्ज कराया है। घटना को लेकर दोनों पक्षों के बीच भारी तनाव की स्थिति बनी हुई है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।

You may have missed