बिहार एमएलसी चुनाव में सभी 24 सीटों पर एनडीए प्रत्याशियों की जीत तय : उमेश कुशवाहा

पटना। जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, सोमवार को मंत्री अशोक चौधरी, मंगल पांडेय एवं संतोष कुमार सुमन के साथ संयुक्त भ्रमण कार्यक्रम के तहत भोजपुर, गया और रोहतास गए। इस दौरान उन्होंने बिहार विधान परिषद चुनाव (स्थानीय प्राधिकार) के एनडीए प्रत्याशी राधाचरण साह (भोजपुर-बक्सर), मनोरमा देवी (गया-जहानाबाद-अरवल) एवं संतोष कुमार सिंह (सासाराम-कैमूर) के समर्थन में आयोजित सभाओं को संबोधित किया और सभी उम्मीदवारों को विजयी बनाने की अपील की।
श्री कुशवाहा ने इन सभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जहां बिहार में ‘न्याय के साथ बिहार के समावेशी विकास’ को संभव किया, वहीं पीएम मोदी ‘सबका साथ सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ की बात करते हैं। कहा कि इस विधानपरिषद चुनाव में सभी 24 सीटों पर एनडीए प्रत्याशियों की जीत तय है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में एनडीए सरकार ने सभी तबकों और सभी क्षेत्रों का विकास सुनिश्चित किया है। महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए उन्होंने जो किया, वो स्वतंत्र भारत के इतिहास में किसी राज्य के मुख्यमंत्री ने नहीं किया। नीतीश कुमार ने महिलाओं को जो हक, जो स्थान और जो सम्मान दिया, उसे हमारी मां, बहन, बेटियां ध्यान में रखेंगी और उनके हाथों को मजबूत करेंगी।
