पटना में दो बच्चों की मां को 16 वर्षीय किशोरी से हुआ प्यार, अपहरण की साजिश कर रचाई शादी

  • पुलिस ने भोजपुर में छापेमारी कर किशोरी को किया बरामद, महिला को गिरफ्तार कर भेजा जेल

पटना। बिहार की राजधानी पटना में प्रेम-प्रसंग से जुड़ा एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। दरअसल एक माह पहले पटना के दीघा थाना क्षेत्र से जिस किशोरी के अपहरण का केस दर्ज हुआ था उस 16 साल की लड़की से दो बच्चों की मां ने समलैंगिक विवाह कर लिया है। यह राज तब खुला जब दीघा थाने की पुलिस ने अनुसंधान कर किशोरी को भोजपुर जिला के तरारी से सकुशल बरामद किया। वहीं से महिला को भी पकड़ा गया। छानबीन मे इस बात की जानकारी मिली है कि महिला एक महीने पहले किशोरी के साथ नोएडा चली गयी थी। दुर्गा पूजा पर वह किशोरी के साथ ही अपने दोनों बच्चों को लेकर भोजपुर स्थित अपने मायके आई थी। पटना पुलिस ने बताया कि महिला के खिलाफ किशोरी के अपहरण का केस दर्ज है। महिला को जेल भेज दिया गया, वहीं किशोरी अपने घर चली गई। दो बच्चों की मां दीघा इलाके की ही रहने वाली है। एक माह पहले किशोरी के परिजनों ने थाने में महिला के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज कराया था। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी थी। महिला किशोरी के साथ नोएडा में रहने लगी थी। वहीं पर दोनों किराए का एक कमरा लेकर रहने लगे।
पुलिस ने भोजपुर में छापेमारी कर किशोरी को किया बरामद, महिला को गिरफ्तार कर भेजा जेल
महिला वहीं पर ऑटो चलाती थी और किशोरी घर का काम देखती थी। महिला के साथ ही उसके दोनों बच्चे भी रहते थे। उधर, केस दर्ज करने के बाद से ही पुलिस दोनों के बारे में लगातार जानकारी इकट्ठा रही थी। चार दिन पहले किशोरी का लोकेशन भोजपुर में मिला, जिसके बाद पुलिस वहां पहुची और छापेमारी कर किशोरी को बरामद कर लिया। इसके बाद नामजद महिला भी पकड़ी गई। पुलिस ने महिला को पकड़ने के बाद जब पूछताछ शुरू की तो महिला ने कई चौंकाने वाले जबाब दिये। पूछताछ में महिला ने बताया कि ससुराल वाले उसे प्रताड़ित करते थे। इसके बाद वह दो साल से पति से अलग रहने लगी थी। महिला ने बताया कि उसने किशोरी से आर्य समाज मंदिर में शादी कर ली है। पुलिस को विवाह से जुड़ा एक कागजात भी महिला ने दिखाया लेकिन यह कागजात अवैध निकला। पुलिस की मानें तो वह जिस किशोरी से शादी की बात कह रही है वह किशोरी नाबालिग है। किशोरी के नाबालिग होने की बात पर भी महिला कुछ भी सुनने को तैयार नहीं थी। वह बार-बार यही कह रही है कि कुछ भी हो, वह उसी के साथ रहेगी।

About Post Author

You may have missed