September 13, 2025

24 घंटे के अंदर पटना पुलिस ने मोकामा शेल्टर होम से भागी लड़कियों को दरभंगा से किया बरामद

पटना। मोकामा शेल्टर होम से फरार सभी लड़कियों को 24 घंटे के अंदर पटना पुलिस ने बरामद करने में सफलता पा ली है। पटना पुलिस की तत्परता ने सभी विपक्षी पार्टियों के जुबान पर ताला लगा दिया है। सभी फरार लड़कियों की बरामदगी दरभंगा में हुई है। बाढ़ की सहायक पुलिस अधीक्षक लिपि सिंह के नेतृत्व में पुलिस फरार लड़कियों को बरामद करने के लिए दरभंगा और मधुबनी में छापामारी कर रही थी। आईपीएस अधिकारी लिपि सिंह फिलहाल दरभंगा में ही है और लड़कियों को मोकामा लाने की कार्रवाई की जा रही है। बता दें कि शुक्रवार और शनिवार की मध्यरात्रि 7 लड़कियां मोकामा के नजारथ शेल्टर होम से फरार हो गई थी, जिसकी जानकारी शनिवार की सुबह मिली। खबर की सूचना के बाद जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया था। वहीं विपक्षी पार्टियां मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर ताबड़तोड़ हमला कर रही थी। नीतीश कुमार पर तरह-तरह के आरोप लगाए जा रहे थे लेकिन पटना पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने 24 घंटे के अंदर सभी फरार लड़कियों को दरभंगा से बरामद करने में सफलता पाई है।

इसके साथ ही विरोधियों के जुबान पर ताला लगा दिया है लेकिन इन सबों के बीच सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर यह लड़कियां शेल्टर होम से भागी कैसे, अगर भागी तो क्यों, जो जांच का विषय है। बता दें कि इन फरार लड़कियों में 5 लड़कियां वे थी जो मुजफ्फरपुर बालिका गृह कांड में बतौर गवाह थी। इन लड़कियों के भागने से नीतीश सरकार पर उंगली उठना शुरू हो गया था, सरकार पर दबाव बढ़ता जा रहा था लेकिन शनिवार रात्रि लगभग 9-10 बजे के बीच खबर मिली कि उक्त लड़कियों को बाढ़ एएसपी लिपि सिंह ने मधुबनी और दरभंगा में छापेमारी कर दरभंगा से लड़कियों को सकुशल बरामद कर लिया है और उन सभी लड़कियों को वापस मोकामा लाने की कार्रवाई चल रही है।

You may have missed