महिलाओं के मसीहा है नीतीश कुमार : युवा जदयू

पटना। युवा जदयू के प्रदेश प्रवक्ता मोनी कुमारी ने कहा की नीतीश कुमार ने पूरे देश को महिला सशक्तिकरण की राह दिखायी है। बिहार में पहले से ही महिलाओं को सभी क्षेत्रों में आरक्षण मिल रहा है। मुख्यमंत्री के ही रास्तों पर चलकर केन्द्र सरकार महिला सशक्तिकरण के उद्देश्य को पूरा कर सकती है। बिहार में महिलाओं के लिए जो काम हुए वह मिसाल बनकर उभरे हैं। आज पूरा देश बिहार के कार्यों को अपना रहा है। उन्होंने आगे कहा कि महिलाओं के विकास के लिए सबसे जरूरी चीज उनकी शिक्षा और नेतृत्व क्षमता को निखारना था। मुख्यमंत्री ने 2005 में सत्ता संभालने के तुरंत बाद महिलाओं की नेतृत्व क्षमता पर भरोसा जताते हुए 2006 में ही उन्हें पंचायत व नगर निकाय चुनावों में 50 प्रतिशत आरक्षण दे दिया। बिहार ऐसा कदम उठाने वाला देश का पहला राज्य था। तब से लेकर आज तक बिहार सरकार ने महिलाओं की शिक्षा से लेकर रोजगार तक के लिए कई क्रांतिकारी कदम उठाये हैं। यही वजह है कि आज बिहार की महिलाएं हर क्षेत्र में सक्रिय भागीदारी निभा रही हैं। बिहार में महिलाओं के जन्म से लेकर शिक्षा तक विशेष ध्यान दिया गया है। बालिका साइकिल व पोशाक योजना लड़कियों की शिक्षा के क्षेत्र में गेम चेंजर योजना साबित हुई।
