September 21, 2026

विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री सुमित कुमार सिंह ने इंजीनियरिंग कॉलेज का लिया जायजा,किया वृक्षारोपण तथा लैब का उदघाटन

जमुई।सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री सुमित कुमार सिंह ने जमुई प्रखंड अंतर्गत अमरथ स्थित सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेज का जायजा लिया और परिसर में वृक्षारोपण किया। इस मौके पर मंत्री सुमित कुमार सिंह ने कहा कि आज हमलोग जलवायु परिवर्तन, बढ़ते तापमान, ग्लोबल वार्मिंग के खतरे के सामने खड़े हैं। इस संकट से हमें वृक्ष ही बचा सकता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार इस बात को समझते हैं। इसलिए जल-जीवन हरियाली के माध्यम से प्रकृति को बचाने, उसके साथ सामंजस्य स्थापित करने का महान अभियान चला रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर धरती पर जल और हरियाली की कमी रहेगी तो मनुष्य समेत तमाम जीवों का जीवन मुश्किल हो जाएगा।

इसके उपरांत विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री सुमित कुमार सिंह ने कॉलेज में स्मार्ट क्लासरूम, कम्प्यूटर लैब, लैंग्वेज लैब का उद्घाटन फीता काटकर किया। मौके पर मंत्री सुमित कुमार सिंह ने बताया कि अवलोकन के दौरान कुछ समस्याओं से अवगत हुआ। उन समस्याओं को जल्द ही दूर करने का प्रयास किया जाएगा। इसको लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा कि मेरा प्रयास है कि यह इंजीनियरिंग कॉलेज सभी आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर से लैस हो। प्रदेश के सभी तकनीकी संस्थानों में छात्रों को वर्ल्डक्लास इंफ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध हो इस दिशा में काम करना विभाग के प्राथमिक उद्देश्यों में शामिल है।

You may have missed