महाराष्ट्र से पटना आये युवक की संदिग्ध हालत में मौत, मचा हड़कंप, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

पटना। महाराष्ट्र से पटना आये भागलपुर के एक युवक की सोमवार को संदिग्ध हालत में मौत हो गई। वह गांधी मैदान के पास यात्री शेड में बेहोशी की हालत में पड़ा था। मृतक युवक भागलपुर का रहनेवाला 23 वर्षीय इजहार है। गांधी मैदान थाना प्रभारी रणजीत वत्स ने बताया कि युवक की मौत प्रथम दृष्टया हार्ट अटैक होने से हुई होगी। वहीं लोग कोरोना से मौत होने की आशंका जता रहे थे। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।
बताया जाता है कि युवक सोमवार की सुबह गांधी मैदान थाना क्षेत्र स्थित बस स्टैंड के शेड में आया था। उसे यहां से भागलपुर जाना था लेकिन अचानक उसकी तबीयत खराब हो गई। अचेतावस्था में देखकर लोगों ने इसकी सूचना गांधी मैदान पुलिस को दी। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची तो देखा कि वह अचेत है। इसके बाद डॉक्टर को सूचना दी गयी, जिसके बाद डॉक्टरों की एक टीम आयी और जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया गया। एहतियात बरतते हुये पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस को मृतक की जेब से कुछ कागजात मिले हैं, जो महाराष्ट्र के हैं। पुलिस की छानबीन में जैसे ही मृत युवक के बारे में पता चला कि वह महाराष्ट्र से आया था, लोगों में हड़कंप मच गया।
