PATNA : लॉकडाउन के बाद सिनेप्रेमियों के लिए फिर से खुला रीजेंट सिनेमा, टिकट पेपरलेस तो टॉयलेट-परचेज होंगे ‘टचलेस’

कोविड संक्रमण से बचाव के साथ दर्शक देख पाएंगे फिल्में : सुमन सिन्हा


पटना। सिने प्रेमियों के लिए अच्छी खबर है। तकरीबन सात महीने बाद बिहार का गौरव रीजेंट सिनेमा कोविड को लेकर सरकार द्वारा जारी गाइडलाइंस के अनुसार आधुनिक तरीके से खुल गयी है। इस क्रम में रविवार को पहले दिन फिल्म ‘सूरज पे मंगल भारी’ के 3 शोज चलाये गए। शो शुरू होने के पूर्व रीजेंट सिनेमा के निदेशक सुमन कुमार सिन्हा, ईशान सिन्हा एवं पूनम सिन्हा ने संयुक्त रूप से संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए बताया कि रीजेंट प्रदेश का सबसे पुराना सिनेमाघर है, जो कोरोना संकट की वजह से बंद था। भारत सरकार ने हॉल खोलने के लिए आवश्यक गाइडलाइंस जारी किए, तब हॉल को खोलने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि आधुनिक सुविधाओं के साथ हॉल को खोला है। इसमें सबसे खास है एयर कंडीशन की नई तकनीक। इसके अलावा टॉयलेट, सेनेटाइजर, परचेज सभी टचलेस होंगे। यानी ये सभी प्रकार सोशल डिस्टेंसिंग के साथ बिना छुए होगा।


ईशान सिन्हा ने बताया कि सिनेमा हॉल के अंदर हमने अल्टरनेट सिटिंग अरेंजमेंट किये हैं, जिसके अनुसार दर्शक एक सीट छोड़कर कर बैठ पाएंगे। यहां अभी तीन शो होंगे, जिसमें हर शो के बाद पूरे हॉल को सेनेटाइज किया जाएगा। हॉल के अंदर 4 सेनेटाइजर पॉइंट्स होंगे और एग्जिट रो वाइज ही होगा। उन्होंने बताया कि टिकट पेपर लेस होगी और उसकी कीमत में 50% की कटौती के साथ महज 130 रुपये रखे गए हैं। इसमें में भी 40 रुपये के पॉपकॉर्न दर्शकों को फ्री में मिलेंगे। इतना ही नहीं, हॉल में मिलने वाले फूड पैक्ड होंगे और उसकी खरीदारी आनलाइन ही की जा सकेगी।

You may have missed