जन वितरण प्रणाली के 6 हजार डीलरों को लाइसेंस तीन महीने में : लेसी सिंह

पटना। खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री लेसी सिंह ने कहा कि राज्य में जन वितरण प्रणाली के छह हजार डीलरों को लाइसेंस जल्द मिलेगा। प्रक्रिया पहले से ही चल रही है लेकिन कोरोना के कारण इसमें थोड़ी देर हुई। कुछ तकनीकी अड़चनें भी थीं, जिसे दूर कर लिया गया है। अब आगे तीन महीने में इन डीलरों को लाइसेंस देने की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। मंत्री बुधवार को विधान परिषद में डॉ. संजीव कुमार सिंह के तारांकित प्रश्न का जवाब दे रही थीं। उन्होंने कहा कि राज्य में जन वितरण लाभुकों की संख्या सात करोड़ 71 लाख है। जन वितरण दुकानों के लिहाज से देखें तो हर 1500 लाभुक पर औसतन एक दुकान है। राज्य में जन वितरण के कुल 55 हजार 304 दुकानें स्वीकृत हैं। कार्यरत दुकानों की संख्या 49 हजार 381 है। रिक्त लगभग छह हजार दुकानों की बहाली की जा रही है। इसको लेकर लगातार समीक्षा की जा रही है। प्रश्नकर्ता ने सवाल किया था कि कई गांव के लोग कटाव के कारण दूर जाकर बस गये हैं। ऐसे में उन्हें अनाज के लिए हर महीने लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। इसके अलावा जो रिक्त लाइसेंस हैं, उनसे जुड़े लाभुकों को जिन डीलरों से जोड़ा गया है वह नहीं चाहते हैं कि उनके पास लाभुक की संख्या घटे। मंत्री ने कहा कि ऐसा नहीं है। लाइसेंस देने की प्रक्रिया चल रही है और जल्द ही सभी रिक्त दुकानों के लिए लाइसेंस जारी कर दिये जाएंगे।

About Post Author

You may have missed