जन्माष्टमी पर प्रकट हुए ‘कृष्ण’ : कहा- भाजपा सरकार कृष्ण लीला स्थलों को कर रही थी नष्ट, आंदोलन चलाकर बचाया

पटना। बिहार की राजनीति में चर्चा में चल रहे राजद विधायक तेज प्रताप यादव ने सोशल मीडिया पर लाइव आकर लोगों को कृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने श्रीकृष्ण लीला स्थली को बचाने के लिए कैसे लड़ाई लड़ी, यह सब बताया। राधे-राधे के साथ उन्होंने अपनी बात शुरू की। वे कृष्ण के बड़े भक्त हैं और वृंदावन अक्सर जाते रहते हैं। वे खुद को कृष्ण और छोटे भाई तेजस्वी यादव को अर्जुन बताते रहे हैं।
सोमवार को जन्माष्टमी के दिन लाइव आकर तेजप्रताप ने श्रीकृष्ण के जन्म की कहानी सुनाई कि कैसे कृष्ण का जन्म मथुरा के कारागार में गरीबों पर अत्याचार कर रहे पापियों के संहार के लिए हुआ। वासुदेव जी ने कृष्ण को टोकरी में रख यमुना पार कराया और गोकुल ले गए। इसके बाद कृष्ण ने ब्रज में लीला करने का काम किया। तेजप्रताप ने कहा- ‘कृष्ण भगवान ने एनवायरनमेंट को उजागर करने का काम किया। एनवायरनमेंट के पांच तत्वों से हमारा शरीर बना है। कृष्ण ने कर्म को प्रधान बताया, इसलिए अपना कर्म कभी नहीं छोड़ना चाहिए। कृष्ण ने मानव को जीनव शैली बताई। प्रेमभाव का संदेश राधा कृष्ण ने दिया। भगवान में ही जन्म लेना है और उसी में विलीन हो जाना है। जो लोग भजन नहीं करते हैं वे भजन करिए।’
कृष्ण लीला स्थलों को बचाने के लिए चलाया आंदोलन 
उन्होंने पहली बार उस आंदोलन की कहानी भी सुनाई जो कृष्ण लीला स्थली को बचाने के लिए उन्होंने लड़ी। तेज प्रताप ने बताया कि ‘कृष्ण की लीला स्थली का हिस्सा राजस्थान में भी पड़ता है। वहां की वसुंधरा राजे सिंधिया की भाजपा सरकार कृष्ण लीला स्थलों को नष्ट कर रही थी। उसे डायनामाइट से उड़ाया जा रहा था। उसे बचाने के लिए हमने श्री वृंदावनी फाउंडेशन बनाया और इसके जरिए साधु संतों के साथ मिलकर आंदोलन किया।’ उन्होंने बताया- ‘पिता जी लालू प्रसाद जब रेल मंत्री थे, उस समय दिल्ली से बरसाना तक रेल लाईन बनवायी। पिता जी ने संसद में कृष्ण लीला स्थलों को बचाने के लिए सवाल उठाया था। पापी लोग यादव-माधव का इतिहास मिटा देना चाहते थे। कृष्ण लीला स्थली को बचाने के लिए हम सबने मिलकर बचाया, उसे संरक्षित किया।’
गौ सेवा करें, उनमें देवता का वास
तेज प्रताप ने जन्माष्टमी पर लोगों को गौ सेवा करने के लिए भी कहा। उन्होंने कहा- ‘गौ में देवता का वास है। बरसाने के बड़े संत रमेश बाबा से हमलोगों ने मुलाकात की। उनकी माता जी गौशाला में 70 हजार गायें हैं। वहां गायों को बांध कर नहीं रखा जाता है।’
रात 12 बजे लाइव होंगे तेज
तेज प्रताप ने अपने पटना स्थित एम. स्टैंड रोड के सरकारी आवास में लोगों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के लिए आमंत्रित किया। मान्यता के अनुसार, जब रात के 12 बजे कृष्ण का जन्म होगा, उस समय एक बार फिर तेज प्रताप सोशल मीडिया पर लाइव होंगे।

About Post Author

You may have missed