पटना में अचानक बारिश से बढ़ी कनकनी, ठंड से प्रभावित हुआ जनजीवन, फसलों को भी नुकसान
फुलवारी शरीफ, (अजीत)। राजधानी पटना समेत आसपास के फुलवारी शरीफ, खगौल, दानापुर आदि तमाम इलाके में मंगलवार की देर शाम अचानक शुरू हुई बूंदाबांदी और बारिश के साथ तेज हवाओं ने कनकनी और ठंड को इस कदर बढ़ाया की लोगों का जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया। करीब आधे घंटे तक हल्की बूंदाबांदी के साथ तेज बारिश और ठंडी तेज रफ्तार बहती हवाओं ने तापमान को 8 से 9 डिग्री तक नीचे गिरा दिया। बाजारों में अचानक ठंड के मौसम में बारिश से दुकानें धड़ाधड़ बंद होने लगी। फुटपाथ पर गर्म कपड़े और अन्य सामान बेचने वाले ठेला खोमचे वालों को बारिश ने काफी नुकसान कराया। वहीं अचानक बारिश से खेतों में फसलों को भी काफी नुकसान पहुंचा है। मंगलवार को देर शाम बारिश के चलते गर्म कपड़े पहन कर बाहर निकले लोग के कपड़े भींगने लगे, जिसके चलते और भी परेशानियों का सामना करना पड़ा। वहीं शाम के बाद बाजारों में सन्नाटा पसरने लगा और सड़कों पर वाहन भी कम होने लगे। जैसे-जैसे बारिश तेज होने लगा, लोग अपने-अपने घरों में दुबक गए। वहीं सड़क किनारे रहने वाले लोग अलाव ताप किसी तरह ठंड से बचने का प्रयास करते दिखे।
अगले 2 से 3 दिनों तक सताएगी ठंडी
मौसम विभाग के मुताबिक, बिहार में बारिश का मौसमी सिस्टम सक्रिय हो गया है। इसके प्रभाव से ठंड में बढ़ोतरी होगी। अगले 2 से 3 दिनों तक पटना समेत पूरे बिहार में ऐसा ही मौसम रहने की संभावना है। शीतलहरी में कल से तेजी आएगी। वहीं ठंड भी लोगों को ज्यादा सताएगी। बारिश थमने के बाद कोहरे का साया पूरे प्रदेशवासियों को अपने आगोश में ले लेगा। मंगलवार की शाम राज्य के पटना, गया, औरंगाबाद, भभुआ, रोहतास, जहानाबाद, अरवल जिले में बूंदाबांदी हुई। बारिश के साथ तेज हवाएं चलने से कनकनी बढ़ गई है। राज्य के दक्षिण मध्य जिलों में पटना, गया, जहानाबाद, बेगूसराय, लखीसराय, नवादा, शेखपुरा, नालंदा में भी मंगलवार की देर रात या बुधवार को भी बारिश का अलर्ट है, जिससे अधिकतम तापमान में तेजी से कमी आएगी। 29 और 30 दिसंबर को राज्य के कई जिलों में शीतलहर की स्थिति बन सकती है। बारिश की वजह से अधिकतम तापमान के सामान्य से पांच डिग्री नीचे 16 से 18 डिग्री के बीच रहने के आसार हैं। पिछले 24 घंटों में अधिकतम पारा दो से तीन डिग्री तक नीचे आया है।
राज्य के कई हिस्से रहेंगे शीतलहर की चपेट में
पटना मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के चलते हल्की बारिश, शीतलहर और कनकनी ठंड बढ गई है। तीन-चार दिन मौसम इसी तरह बना रहेगा। अगले एक-दो दिनों में हवा तेज चलने की संभावना है। जिससे ठंड और भी बढ़ सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक पटना में बुधवार को बारिश के आसार हैं, जिससे ठंड में बढ़ोतरी हो सकती है। राज्य के कई हिस्से बुधवार और गुरुवार को शीतलहर की चपेट में रहेंगे। बिहार के ऊपर चक्रवातीय परिसंचरण का क्षेत्र बना हुआ है। पुरवा हवाओं के लगातार प्रवाह से बारिश अनुकूल स्थिति बनी हुई है। एक-दो जगह बिजली गिरने की भी घटना हो सकती है। विशेषकर राज्य के उत्तर पश्चिम, दक्षिण मध्य और दक्षिण पश्चिम जिलों में मध्यम मेघ गर्जन की स्थिति बनी है।


