राजधानी पटना में दवा दुकानदार के घर में हुई चोरी, खाली घर में 6 लाख की ज्वेलरी और कैश को चोरों ने किया साफ़
पटना, बिहार। पटना के अनीसाबाद के धीराचक बंगाली टोला में रहने वाले दवा दुकानदार संजीव कुमार के घर शातिरों ने चोरी की बड़ी घटना को अंजाम दिया। संजीव और उनका परिवार छठ पर्व को लेकर नालंदा जिले के हरनौत स्थित भागन बिगहा गांव गया हुआ था। शातिरों ने उनके घर से 80 हजार कैश, 5 लाख से अधिक की ज्वेलरी और एक महंगी टीवी चुरा लिया। घटना की जानकारी मिलते ही संजीव पटना पहुंच गए। संजीव के लिखित बयान पर अज्ञात शातिरों के खिलाफ गर्दनीबाग थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की छानबीन चल रही है। जल्द ही शातिरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। संजीव बंगाली टोला में बृजेश कुमार सिन्हा के मकान में किराएदार हैं। ग्राउंड फ्लोर पर बृजेश रहते हैं और पहले तल्ले पर संजीव रहते हैं। दूसरे तल्ले पर भी किराएदार हैं।

संजीव ने कहा कि परिवार के अन्य लोग पहले ही घर चले गए थे। मैं बुधवार को सुबह आठ बजे घर से निकला। रात के 11 बजे मकान मालिक ने फोन कर बताया कि उनके घर का ताला टूटा हुआ है। गुरुवार को आए तो दंग रह गए। संजीव रात के दो बजे पटना पहुंच गए और पुलिस को घटना की जानकारी दी। वही शातिरों ने पूरा घर तितर-वितर कर दिया था। मौके से पुलिस लोहे की एक खंती भी बरामद की है। शातिरों ने उसी खंती से मेन गेट के ताला का कब्जा तोड़ दिया। इसके बाद रॉड की मदद से अलमारी को तोड़ दिया गया। शातिरों ने आलमीरा के लॉकर में रखा कैश और ज्वेलरी चोरी कर ली। शातिर घर में लगा हुआ महंगा टीवी भी ले भागे।

