बिहार में गर्म हवाओ का सितम, पटना सबसे गर्म जिला, मार्च में पड़ेगी भीषण गर्मी
पटना। फाल्गुन माह में सूरज के तल्ख तेवर का असर प्रदेश के मौसम पर देखने को मिल रहा है। प्रदेश में पछुआ हवा के कारण पारे में आंशिक वृद्धि देखी जा रही है। मौसम विज्ञानियों की मानें तो पछुआ हवा के कारण आने वाले पांच दिनों तक मौसम शुष्क बने होने के साथ आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के सिवान, पूर्वी एवं पश्चिमी चंपारण, सीतामढ़ी को छोड़ अन्य जगहों के अधिकतम तापमान में सामान्य से एक-दो डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई।

कुछ जिलों को छोड़कर सभी के तेवर रहे गर्म
पटना का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री की वृद्धि के साथ 32.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा। जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री की वृद्धि के साथ 15.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं प्रदेश के गया जिला का सबसे कम 12.2 डिग्री सेल्सियस एवं 33.5 डिग्री सेल्सियस बक्सर व माधोपुर (पश्चिम चंपारण) का अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। वहीं प्रदेश का औसत न्यूनतम तापमान 15-17 डिग्री सेल्सियस एवं औसत अधिकतम तापमान 30-32 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। मौसम विज्ञानी की मानें तो मार्च महीने में 34-35 डिग्री सेल्सियस के बीच प्रदेश का तापमान रहने के आसार हैं।

