PATNA : राष्ट्र ध्वज का अपमान करने वाले भी तिरंगा फहराने को विवश हुए, ये कांग्रेस की जीत : मुकुल वासनिक

- तिरंगा जिम्मेदारी और एकता का प्रतीक: मुकुल वासनिक
- कांग्रेस ने तिंरगे से देश को एक सूत्र में पिरोया: मुकुल वासनिक
पटना। राष्ट्रीय एकता और अखंडता के प्रतीक राष्ट्र ध्वज को न मानने वाले भी आज तिरंगा यात्रा निकाल रहे हैं यह भारतीयता की जीत है और यह कांग्रेस की विचारधारा की जीत है। ये बातें मुजफ्फरपुर में आजादी के गौरव यात्रा के समापन कार्यक्रम में अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद मुकुल वासनिक ने कही। उन्होंने कहा कि जिन्होंने आजादी के बाद एक रंग के झंडे को स्वीकारा वो भी आज तिरंगे को मानने को विवश हो गए हैं। बिहार के प्रभारी भक्तचरण दास ने कहा कि कांग्रेस ने त्याग और समर्पण की गाथा अपने कर्मों से लिखी है और आजादी के गौरव यात्रा के माध्यम से देश की आजादी के नायकों को सम्मान देने की अपनी परंपरा को आगे बढ़ा रही है। देश की आजादी की लड़ाई को कांग्रेस ने अपने खून पसीने से सींचा है और तिरंगे के नीचे पूरे देश को एकजुट किया। प्रदेश अध्यक्ष डॉ मदन मोहन झा ने 4000 किमी तिरंगा यात्रा के समापन कार्यक्रम में सभी कांग्रेसजन को धन्यवाद देते हुए कहा कि तिंरगे का महत्व कांग्रेस ने देश को समझाया और आजादी की लड़ाई को धार देने का काम किया। भारतीयता की सबसे बड़े प्रतीक तिरंगे का सम्मान और इसको उठाने वाले को अपनी जिम्मेदारी को समझना होगा।

कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता अजीत शर्मा ने देश की आजादी की लड़ाई में शहीद हुए अमर बलिदानियों को नमन करते हुए कांग्रेस के योगदान को विस्तार से बताया। राज्यसभा सांसद और कैम्पेन कमिटी के चेयरमैन डॉ अखिलेश प्रसाद सिंह ने तिरंगे को देश की शान बताया और कहा कि आज वो लोग भी तिरंगा यात्रा निकाल रहे हैं जिन्होंने आजादी के बाद से अपने कार्यालय में तिरंगा तक नहीं फहराया। बिहार कांग्रेस के प्रभारी सचिव बृजलाल खबरी ने देश में कांग्रेस को मजबूत करने की बात दोहराई। राष्ट्रीय नेता कन्हैय्या कुमार ने भारत माता की जय के गगनभेदी नारे से अपने भाषण की शुरुआत की और उन्होंने राहुल गांधी को देश के गरीबों, पिछड़ों और युवाओं का नेता बताया। आजादी के गौरव यात्रा सह तिरंगा पदयात्रा में शामिल होने वाले प्रदेश कांग्रेस के मुख्य नेताओं में राष्ट्रीय सचिव शकील अहमद खान, राजेश राम, विजेंद्र चौधरी, प्रेमचंद मिश्र, मीडिया विभाग के चेयरमैन राजेश राठौड़, ब्रजेश मुनन, कुमार आशीष, मृगेंद्र कुमार सिंह, डॉ. स्नेहाशीष वर्धन, सुधा मिश्र, बंटी चौधरी सहित हजारों कांग्रेस नेता मौजूद रहें।