हिंदी देश को संपर्क सूत्र में जोड़ने वाली राजभाषा : महाप्रबंधक

  • क्षेत्रीय रेल राजभाषा कार्यान्वयन समिति की 73वीं बैठक आयोजित

हाजीपुर। पूर्व मध्य रेल मुख्यालय द्वारा क्षेत्रीय रेल राजभाषा कार्यान्वयन समिति की 73वीं बैठक महाप्रबंधक अनुपम शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए श्री शर्मा ने कहा कि पूर्व मध्य रेल पर राजभाषा का प्रचार-प्रसार निरंतर प्रगति के पथ पर है तथापि कई ऐसे मुद्दें हैं जिन पर हम बैठक में चर्चा करेंगे। उन्होंने कहा कि पूर्व मध्य रेल ‘क’ क्षेत्र में आता है और सभी हिंदी भाषा की जानकारी रखते हैं, आप सभी इस तथ्य से भी अवगत होंगे कि हिंदी हमारी बोलचाल की भाषा तो है ही, देश को संपर्क सूत्र में जोड़ने वाली हमारी राजभाषा भी है। भाषा का विकास और उसका संवर्द्धन एक गंभीर कार्य है और यह केवल आदेश-निर्देश आदि के बल पर ही संभव नहीं है, अपितु हम सभी को सरकारी दायित्व के साथ-साथ एक नागरिक के रूप में अपने राष्ट्रीय दायित्व का निर्वहन भी करना होगा। रेल एक वाणिज्यिक प्रतिष्ठान है और इस देश की आम जनता से जुड़ने के लिए हमें उनकी भाषा में संवाद करना होगा।
वहीं मुख्य राजभाषा अधिकारी अशोक कुमार मिश्र ने कहा कि हमारा दायित्व है कि संघ की राजभाषा नीति के अनुरूप धारा 3 (3) के अंतर्गत आने वाले सभी दस्तावेज हिंदी/अंग्रेजी द्विभाषी रूप में जारी करें। मूल पत्राचार में हिंदी का शत-प्रतिशत प्रयोग सुनिश्चित किया जाए। श्री मिश्र ने एक टेम्पलेट्स का नमूना जारी करते हुए सभी अधिकारियों से उसका प्रयोग करने का आग्रह किया।
बैठक का संचालन करते हुए उप मुख्य राजभाषा अधिकारी सह उप मुख्य सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर ने समिति को पिछली बैठक में लिए गए प्रमुख निर्णयों व सिफारिशों पर की गई कार्रवाई का विवरण प्रस्तुत किया एवं साथ ही रेलवे बोर्ड द्वारा निर्धारित वार्षिक कार्यक्रम से संबंधित मदों की अद्यतन स्थिति से अवगत कराया।

You may have missed