पटना में लोगों को सताने लगी गर्मी; तापमान बढ़ा, मौसम में बदलाव से मरीजों में हुई वृद्धि

पटना। बिहार में अब धीरे धीरे लोगों को गर्मी सताने वाली है। आज प्रदेश के अधिकतर जिलों में आसमान साफ रहने के साथ कड़ाके की धूप निकलेगी। साथ ही लोगों को गर्मी का एहसास होने वाला है। अब से रात के साथ दिन के भी तापमान में बढ़ोतरी होने वाली है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक रात के समय में तेज हवा चल सकती है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अधिकतर जिलों का अधिकतम तापमान 26 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावनाएं हैं। वहीं पिछले 24 घंटे के दौरान 29.8 डिग्री के सेल्सियस के साथ खगड़िया जिला सबसे गर्म रहा। सबसे कम न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस मोतिहारी का दर्ज किया गया। पटना में आज दिन भर धूप निकली रहेगी। जिससे दिन के समय लोगों को गर्मी का एहसास होगा। वही शाम में समय हल्की ठंडी हवा चलने की संभावना है। मंगलवार को पटना के अधिकतम तापमान में 2.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखने को मिली। अधिकतम तापमान 26.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। न्यूनतम तापमान में भी एक डिग्री गिरावट के साथ 16.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम में बार-बार बदलाव की वजह से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। लोग सर्दी, सूखी खांसी, गले में खरास, बुखार, उल्टी, दम फूलने, निमोनिया, दमा आदि से परेशान हैं। अस्पतालों के ओपीडी में इन बीमारियों के मरीज 40 फीसदी तक बढ़ गए हैं। आईजीआईएमएस में वरीय फिजिशियन ने कहा कि दिन में गर्मी तो रात में ठंड का अहसास हो रहा है। अचानक हल्की बारिश हो जाने से लोग भीग जा रहे हैं। इस वजह से सर्दी, बुखार से पीड़ित हो जा रहे हैं। मौसम के अनुसार कपड़ा पहनें। खानपान पर विशेष ध्यान दें। बाहर के खाद्य पदार्थ से परहेज करें। सुबह में कमरे से अचानक बाहर नहीं निकलें। रात में ठंड हो तो पंखा नहीं पंखा नहीं चलाएं। इस मौसम में बच्चों और बुजुर्गों को विशेष रूप से सावधान रहने की जरूरत है, क्योंकि इनकी इम्युनिटी कमजोर होती है। जल्द ही किसी भी मौसमी बीमारी के चपेट में आ जाते हैं। बच्चे और बुजुर्गों को फ्लू का टीका दिला दें। पीएमसीएच के वरीय फिजिशियन ने कहा कि मौसम में अचानक बदलाव की वजह से लोग सर्दी, खांसी, बुखार से पीड़ित हो रहे हैं। इसी में छिटपुट कोरोना के भी मरीज मिल रहे हैं। इसलिए सर्दी, खांसी हो तो जांच करा लेनी चाहिए। जांच हो जाने पर सही बीमारी की जानकारी मिल जाएगी और उसका सही इलाज हो पाएगा।

About Post Author

You may have missed