सम्राट सरकार में भाजपा कोटे के मंत्री पुत्र का ऐसा स्वागत.. वायरल तस्वीर पर उठे सवाल.. क्या मंत्री के पुत्र के लिए हुआ सरकारी प्रोटोकॉल और संसाधनों का इस्तेमाल?

पटना/दरभंगा। सोशल मीडिया पर हायाघाट के विधायक एवं बिहार सरकार के मंत्री के पुत्र द्वारा साझा की गई एक तस्वीर इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। तस्वीर में बारिश के दौरान कई लोग उनके ऊपर छाता पकड़े हुए दिखाई दे रहे हैं, जबकि स्वागत के लिए फूल-माला की भी व्यवस्था नजर आ रही है। इस तस्वीर के सामने आने के बाद सरकारी प्रोटोकॉल और सरकारी संसाधनों के संभावित उपयोग को लेकर सवाल उठने लगे हैं। सबसे बड़ा प्रश्न यह है कि यदि यह स्वागत सरकारी व्यवस्था के तहत किया गया था, तो किस नियम या प्रावधान के आधार पर एक जनप्रतिनिधि के परिजन को ऐसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं? क्या इस दौरान सरकारी कर्मचारी, सरकारी संसाधन या सरकारी प्रोटोकॉल का इस्तेमाल किया गया? यदि किया गया, तो उसके लिए अधिकृत आदेश किस स्तर से जारी हुआ? लोकतांत्रिक व्यवस्था में सरकारी प्रोटोकॉल और संसाधनों का उपयोग निर्धारित नियमों के अनुसार केवल अधिकृत व्यक्तियों और विशेष परिस्थितियों में किया जाता है। ऐसे में इस तस्वीर ने स्वाभाविक रूप से कई सवाल खड़े कर दिए हैं, जिनका स्पष्ट और आधिकारिक जवाब सामने आना आवश्यक है। एक जागरूक नागरिक के रूप में यह जानना सार्वजनिक हित का विषय है कि सरकारी संसाधनों का उपयोग किन परिस्थितियों में और किन व्यक्तियों के लिए किया जा सकता है। यदि इस मामले में संबंधित मंत्री, उनका कार्यालय अथवा प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण या पक्ष सामने आता है, तो उसे भी समान प्रमुखता के साथ प्रकाशित किया जाएगा।

You may have missed