दीघा घाट पर किया गया भाजपा नेता निलेश मुखिया का अंतिम संस्कार, समर्थकों की उमड़ी भीड़

  • 6 थानों की पुलिस ने संभाला मोर्चा, गांधी मैदान-दीघा मेन रोड जाम, कुर्जी से पाटलिपुत्रा मेन रोड आने का रास्ता भी बंद
  • भीड़ ने पप्पू राय की पत्नी और पूर्व डिप्टी मेयर रजनी देवी के घर पर किया हमला; की पत्थरबाजी, गाड़ियां तोड़ीं
  • अंतिम संस्कार में पहुंचे पूर्व केंद्रीय मंत्री रवि शंकर प्रसाद, बोले- बिहार में कानून का राज खत्म

पटना। राजधानी पटना में 31 जुलाई को गोलीबारी में घायल हुए निलेश मुखिया की मौत बुधवार को इलाज के दौरान दिल्ली एम्स में हो गई। इसके बाद गुरुवार दोपहर को निलेश मुखिया का शव पटना पहुंचा जिसके बाद दीघा घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। पटना के कुर्जी मोड़ पर शव पहुंचते ही समर्थकों की भारी भीड़ जुट गई। भीड़ को देखते हुए पुलिस ने कुर्जी मोड़ से दानापुर जाने वाली सड़क को बंद कर दिया। नीलेश मुखिया पर फायरिंग के आरोपी पप्पू, धप्पू राय के राज रिसॉर्ट पर भीड़ हमला करने पहुंची थी, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक लिया। लोगों को समझाने की कोशिश। इस दौरान छह थानों (दानापुर, बिहटा, पाटलिपुत्रा, जक्कनपुर, बुद्धा कॉलोनी, दीघा) की पुलिस को मौके पर तैनात किया गया। समर्थक पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। वही मौके पर बीजेपी सांसद रवि शंकर प्रसाद भी पहुंचे। उन्होंने प्रदेश के कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। नीलेश मुखिया की दिल्ली में इलाज के दौरान कल मौत हो गई है। 31 जुलाई को उन्हें ताबड़तोड़ 7 गोलियां मारी गई थीं। 1 अगस्त को उन्हें बेहतर इलाज के लिए एयर एंबुलेंस से दिल्ली एम्स ले जाया गया था। गोलीकांड के 23 दिन बाद कल सुबह 8 बजे उनकी मौत हो गई थी। पुलिस सूत्रों के अनुसार इलाज के दौरान आज उन्हें हार्ट अटैक भी आया था। वही एसएसपी राजीव मिश्रा ने बताया कि पुलिस अब तक इस मामले में 2 शूटर्स राजा और शाहनवाज को गिरफ्तार कर पाई है। मामले में 7 आरोपियों की तलाश जारी है। वारदात के बाद से ही ये सभी फरार चल रहे हैं।
भीड़ ने पप्पू राय की पत्नी और पूर्व डिप्टी मेयर रजनी देवी के घर पर किया हमला; की पत्थरबाजी, गाड़ियां तोड़ीं
वही नीलेश मुखिया के समर्थकों ने आरोपियों के घर पर हमला कर दिया। भीड़ ने आरोपी पप्पू राय की पत्नी और पूर्व डिप्टी मेयर रजनी देवी के घर पर हमला किया। पुलिस के सामने ही उनके घर में तोड़फोड़ की गई। कई गाड़ियों के शीशे फोड़ दिए गए। पुलिस और महिलाओं के बीच नोंकझोंक भी हुई। इसके पहले भी नीलेश मुखिया पर फायरिंग के आरोपी पप्पू, धप्पू राय के राज रिसॉर्ट पर भीड़ हमला करने पहुंची थी, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक लिया था। पटना के कुर्जी इलाके में बीते 3 घंटे से हंगामा मचा हुआ है। हंगामे की वजह से गांधी मैदान-दीघा मेन रोड जाम हो गया। कुर्जी से पाटलिपुत्रा मेन रोड आने का रास्ता भी बंद हो गया।
31 जुलाई को पटना में बाइक सवार बदमाशों ने मारी थी 7 गोलियां
31 जुलाई को सुबह-सुबह नीलेश मुखिया अपने घर से ऑफिस के लिए निकले थे। शूटर्स ने पार्षद पति नीलेश यादव उर्फ नीलेश मुखिया पर गोलियां बरसाईं थीं। वो अपनी कार में ही बैठे थे और उन पर अपराधियों ने बैक टू बैक 7 गोलियां चला दीं, जो उनकी कनपट्‌टी, गर्दन और सीने में लगी थी। गोली लगने के बाद नीलेश मुखिया को पटना के कुर्जी स्थित होली फैमिली हॉस्पिटल में ले जाया गया था। थोड़ी देर बाद उन्हें पाटिलपुत्रा इलाके के एक बड़े प्राइवेट हॉस्पिटल में बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया था। जहां उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था। यहां उनकी सर्जरी की गई थी। डॉक्टर्स ने सभी गोलियां निकाल ली थीं। इसके बाद भी उनकी हालत गंभीर बनी हुई थी। उन्हें इलाज के लिए एयर एम्बुलेंस से दिल्ली ले जाया गया था। हमले का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था, जिसमें नीलेश मुखिया की कार के पीछे-पीछे दो बाइक पर अपराधी आते दिख रहे थे। कार जैसे ही यू टर्न पर मुड़ने के लिए स्लो हुई, वैसे ही अपराधी ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी।
अंतिम संस्कार में पहुंचे पूर्व केंद्रीय मंत्री रवि शंकर प्रसाद, बोले- बिहार में कानून का राज खत्म
पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद नीलेश मुखिया के घर पहुंचे। उन्होंने इस दौरान नीतीश पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा नीलेश मुखिया लोकप्रिय नेता थे। समाज सेवी थे। वो सभी की मदद के लिए तैयार रहते थे। ऐसे नेता को इतनी बुरी तरह से मारा गया। मैं पुलिस से अपील करता हूं कि सख्त कार्रवाई करे। हमारे नेता की हत्या हुई। पत्रकार की हत्या हो रहा है। नीतीश जी क्या हो रहा है ये आपके बिहार में। पुलिस पिट रही है। हत्याएं हो रही हैं। बिहार में खौफ का राज है।
बीजेपी से भी जुड़े थे नीलेश
जानकारी के अनुसार, दीघा थाने के गेट नंबर 65 के पास उनका घर है। उनकी पत्नी सुचित्रा सिंह पटना नगर निगम के वार्ड नंबर 22-बी की पार्षद हैं। नीलेश खुद भाजपा के कार्यकर्ता थे। पूर्व में अपने इलाके मुखिया भी रह चुके थे। कुर्जी से लेकर दीघा इलाके तक में उनका दबदबा था।

About Post Author

You may have missed