पटना में नाबालिक के साथ होटल में जबरन बनाया संबंध, सोशल मीडिया से हुई थी दोस्ती, आरोपी फरार
पटना। कदमकुआं थाना क्षेत्र के भिखना पहाड़ी स्थित एक बालिका छात्रावास में रहकर पढ़ाई कर रही नाबालिग छात्रा ने दुष्कर्म की शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता मुंगेर जिले की मूल निवासी है और वर्तमान में पटना में रहकर अपनी पढ़ाई कर रही थी। आरोप है कि दानापुर निवासी प्रतीक कुमार नामक युवक स्नैपचैट के जरिए उसके संपर्क में आया और पांच से छह दिन की बातचीत के बाद उनकी दोस्ती हो गई। पीड़िता के अनुसार, आरोपी प्रतीक कुमार उसे 11 अप्रैल को मिलने के बहाने गांधी मैदान इलाके के एक होटल में ले गया। वहां होटल के कमरे में उसने कथित तौर पर नाबालिग छात्रा के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता ने इस दौरान विरोध किया, लेकिन आरोपी नहीं माना। घटना के बाद भी दोनों के बीच कुछ समय तक बातचीत जारी रही, लेकिन बाद में पीड़िता की तबीयत अचानक बिगड़ गई। इस स्थिति में उसकी मां पटना पहुंचीं, तब पीड़िता ने पूरी घटना के बारे में मां को बताया। प्रारंभ में उसे एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, लेकिन वहां स्थिति सामान्य न होने पर परिजनों ने उसका इलाज पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में कराया। फिलहाल छात्रा की हालत स्थिर बताई जा रही है। पटना टाउन डीएसपी-1 राजेश रंजन ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर कदमकुआं थाने में भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत और पॉक्सो अधिनियम के प्रावधानों के साथ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, पीड़िता दस्तावेजों के अनुसार नाबालिग है। हालांकि पुलिस ने यह भी बताया कि लड़की सहमति से होटल तक गई थी, लेकिन होटल के अंदर आरोपी ने जबरन संबंध बनाए। घटना के बाद से आरोपी प्रतीक कुमार फरार है। पुलिस ने उसकी तलाश में कई स्थानों पर छापेमारी शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। स्थानीय प्रशासन ने छात्रावास की सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा करने का आश्वासन दिया है। इस घटना के बाद छात्रावास में रहने वाली अन्य छात्राओं में भी दहशत का माहौल है। फिलहाल पीड़िता की मां उसके साथ अस्पताल में मौजूद हैं। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि अगर किसी को आरोपी के बारे में कोई जानकारी मिले तो वह तुरंत नजदीकी थाने को सूचित करें।


