पालीगंज में पांच वर्षीय मासूम के साथ दुष्कर्म, नाबालिक आरोपी गिरफ्तार 

  • स्कूल से घर लौटते समय किशोर ने बहला-फुसलाकर रची वारदात 
  • पीड़िता घायल अवस्था में घर पहुंची, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर आरोपी को दबोचा 

पटना। जिले के पालीगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार शाम एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां स्कूल से घर लौट रही पांच वर्षीय मासूम बच्ची के साथ एक नाबालिक किशोर ने दुष्कर्म किया। पीड़िता के परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पालीगंज थाना पुलिस ने देर शाम ही आरोपी नाबालिग को उसी गांव से गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के अनुसार, बच्ची रोज की तरह मंगलवार को गांव के ही स्कूल में पढ़ने गई थी। जब वह स्कूल से वापस घर लौट रही थी, तभी गांव के एक किशोर ने उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने में कामयाबी हासिल की और फिर उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद बच्ची बुरी तरह घायल अवस्था में किसी तरह घर पहुंची और रोते-बिलखते हुए परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। जैसे ही परिवार वालों को इस जघन्य वारदात का पता चला, घर में हड़कंप मच गया। परिजन तुरंत बच्ची को इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे और वहां से पालीगंज थाना पुलिस को फोन पर सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपी किशोर को उसके गांव से ही गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी सुमन कुमार ने बताया कि बच्ची की मां के लिखित आवेदन पर मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि पीड़िता का चिकित्सीय परीक्षण कराया जा रहा है और अस्पताल में उसका इलाज जारी है। फिलहाल गिरफ्तार आरोपी नाबालिग से गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से जांच में जुटी हुई है और आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है। स्थानीय लोगों ने इस घटना पर गहरा शोक और आक्रोश व्यक्त किया है। ग्रामीणों ने बच्चियों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई और पुलिस से आरोपी को कठोर सजा दिलाने की मांग की है। फिलहाल पीड़िता की हालत स्थिर बताई जा रही है, और उसे ईलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले में सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी कर रही है।