नालंदा में पूर्व मुखिया के घर में घुसकर ताबड़तोड़ फायरिंग, चार महिलाएं घायल

नालंदा। बिहार के नालंदा जिले में पूर्व के विवाद को लेकर बदमाशों ने मंगलवार को पूर्व मुखिया के घर में घुसकर गोलीबारी की। हमले में एक ही घर की 4 महिलाएं जख्मी हो गईं। घायलों में स्वर्गीय सुशील प्रसाद की पत्नी चंद्रकांति देवी, पप्पू प्रसाद की पत्नी वीभा देवी, विजय कुमार की पत्नी फूला देवी और राजेश प्रसाद की पत्नी रीता देवी हैं। चारों आपस में सास-बहू लगतीं हैं। घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इन्हें हाथ-पैर में चोट लगी है। घटना के संबंध में जख्मी रीता देवी ने बताया कि घर के आंगन में बैठकर सभी आग ताप रहे थे। तभी वर्तमान मुखिया प्रतिनिधि मिथिलेश उर्फ बल्ली गोप अपने गुर्गों के साथ आया और राजेश प्रसाद को खोजने लगा। जब बताने से मना किया तो बल्ली गोप के गुर्गों ने फायरिंग कर दी। मामला चण्डी थाना क्षेत्र के कान्धु पीपर गांव का है। पंचायत में किसी योजना पर कार्य कराया गया था। जिसमें गड़बड़ी की शिकायत राजेश ने संबंधित विभाग से की थी। इसी बात को लेकर वर्तमान मुखिया प्रतिनिधि मिथिलेश उर्फ बल्ली गोप ने पहले फोन कर पूर्व मुखिया राजेश प्रसाद को जान मारने की धमकी दी, इसके बाद घर पहुंच कर अपने गुर्गों के साथ गोलीबारी कर दी। चण्डी थाना अध्यक्ष रविंद्र कुमार ने कहा कि पूर्व के विवाद को लेकर घटना हुई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। घटनास्थल पर पीड़ित ने एक खाली कारतूस दिया। आसपास के लोगों ने गोलीबारी की घटना से इनकार किया है।

About Post Author

You may have missed