January 1, 2026

PATNA : FIR दर्ज होने पर भड़के तेजस्वी, कहा- किसानों के लिए फांसी पर चढ़ना भी मंजूर

पटना। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने रविवार को ट्वीट कर कहा कि डरपोक और बंधक मुख्यमंत्री की अगुवाई में चल रही बिहार की कायर और निक्कमी सरकार ने किसानों के पक्ष में आवाज उठाने के जुर्म में हम पर एफआईआर दर्ज की है। दम है तो गिरफ़्तार करो, अगर नहीं करोगे तो इंतजार बाद स्वयं गिरफ़्तारी दूंगा। किसानों के लिए एफआईआर क्या, अगर फांसी भी देना है तो दे दिजीए। बता दें कृषि बिल के विरोध में गांधी मैदान में शनिवार को बिना अनुमति सभा करने के मामले में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा सहित 18 नामजद और 500 अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। इसे लेकर अब तेजस्वी यादव ने बिहार सरकार पर जमकर हमला बोला है।
वहीं राजद ने बिहार सरकार पर किसान विरोधी होने का आरोप लगाते हुए कहा है कि बिहार सरकार गोडसे को पूजने वालों के संरक्षण में कॉरपोरेट जगत के इशारे पर काम कर रही है। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता चितरंजन गगन ने कहा कि किसान आंदोलन के समर्थन में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के नेतृत्व में महागठवंधन को गांधी मैदान मे धरना देने और गांधीजी के प्रतिमा के सामने संकल्प लेने की अनुमति न देकर राज्य सरकार ने अपने किसान विरोधी चरित्र को उजागर कर दिया है। उन्होंने दावा किया कि प्रशासन को शुक्रवार को ही विधिवत रूप से आवेदन देकर गांधी मैदान में गांधीजी की प्रतिमा के सामने धरना देने और संकल्प लेने की अनुमति मांगी गई थी। कार्यकर्ता जब मैदान के अंदर पहुंचे तो उन्हें रोक दिया गया। सभी को मैदान से बाहर कर गेटों पर ताला लगा दिया गया। इसके बाद महागठबंधन के कार्यकर्ता गांधी मैदान के गेट नंबर चार के सामने धरने पर बैठ गए।

You may have missed