बिहार उपचुनाव : मोकामा और गोपालगंज में आज थम जाएगा चुनाव प्रचार, तेजस्वी यादव करेंगे रोड शो, जदयू के बड़े नेता भी रहेंगे मौजूद

पटना। बिहार की मोकामा और गोपालगंज विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए प्रचार का शोर आज शाम 6 बजे थम जाएगा। इसके बाद न तो कोई सभा की जा सकती है और न ही जुलूस निकाला जा सकता है। आखिरी दिन डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव दोनों जगहों पर आरजेडी प्रत्याशियों के रैली करेंगे। इस दौरान जेडीयू अध्यक्ष ललन सिंह, उपेंद्र कुशवाहा समेत महागठबंधन के अन्य नेता भी मौजूद रहेंगे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार प्रचार के लिए नहीं जा रहे हैं। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी सह डीएम डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने प्रचार खत्म होने के बाद प्रचार करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। मोकामा विधानसभा उपचुनाव के लिए 3 नवंबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। कुल 289 मतदान केंद्रों पर अर्ध सैनिक बल तैनात किए जाएंगे।
2 नवंबर को रवाना होंगी पोलिंग पार्टियां
वही मतदान के एक दिन पहले 2 नवंबर को दोपहर एक बजे श्रीकृष्ण मारवाड़ी उच्च माध्यमिक विद्यालय मोकामा से मतदान दल एवं संबंधित पुलिस पदाधिकारियों का एसडीओ और डीएसपी के द्वारा ब्रीफिंग की जाएगी। उसके बाद मतदान दल वहां से मतदान केंद्रों के लिए रवाना हो जाएंगे। मतदान समाप्ति के बाद सभी मतदान दल ईवीएम सहित सभी सामग्री अपने मतदान केंद्रों से लेकर आर्यभट्ट ज्ञान विश्वविद्यालय मीठापुर के स्ट्रांग रूम में जमा कराएंगे। डीएम ने मतदाताओं से अपील की है कि वे मतदान जरूर करें। किसी के बहकावे या धमकी से डरने की जरूरत नहीं है।
तेजस्वी मोकामा और गोपालगंज में आखिरी दिन करेंगे जनसभा
उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव आज विधानसभा उप चुनाव में पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में विभिन्न स्थानों पर जनसभाओं को संबोधित करेंगे। उनके साथ जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, उपेंद्र कुशवाहा एवं अब्दुलबारी सिद्दीकी भी रहेंगे। राजद के प्रदेश प्रवक्ता चितरंजन गगन ने बताया कि उप मुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव सुबह में मोकामा जाएंगे। वहां मकेर और घोसवरी में जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद वे गोपालगंज के लिए रवाना होंगे।

About Post Author