बिहार में दिख रहा भारत बंद का असर, राजद कार्यकर्ताओं ने गांधी सेतु को किया जाम, दरभंगा में रेलवे ट्रैक जामकर रोकी ट्रेन

पटना। केंद्र सरकार के तीनों कृषि कानूनों के विरोध में संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) के नेतृत्व में 40 किसान संगठनों ने सोमवार को भारत बंद का आह्वान किया है। बिहार में इसे विपक्षी महागठबंधन सहित कई अन्य पार्टियों ने समर्थन दिया है।

विपक्षी दलों ने बंद को समर्थन देने के लिए सड़कों पर आ गए हैं। भारत बंद को सफल बनाने के लिए सोमवार की सुबह से ही राजद, कांग्रेस और लेफ्ट पार्टियों के कार्यकर्ता सड़क पर प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारी आवागमन को ठप कर रहे हैं।
पटना, वैशाली, आरा, दरभंगा, अरवल, औरंगाबाद, जहानाबाद, अरवल समेत कई जिलों में महागठंधन के कार्यकर्ता हाईवे पर टायर जलाकर आगजनी कर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं।
आंदोलनकारियों की ओर से किसान विरोधी कानूनों को वापस लेने की मांग की जा रही है। हालांकि किसान संगठनों ने बंद के दौरान एंबुलेंस व फायर ब्रिगेड सहित इमरजेंसी सेवाओं को ही काम करने की छूट दी है।
कोरोना से जुड़ी सेवाओं को भी बाधित नहीं किया जाएगा। अस्पताल, एंबुलेंस, दवा दुकानों सहित अन्य मेडिकल सेवाओं को काम करने की अनुमति दी गई है। बंद समर्थक परीक्षा या साक्षात्कार में जाने वाले छात्रों को रोकेंगे।
सोमवार को सुबह से ही पटना व वैशाली के बीच स्थित महात्मा गांधी सेतु को राष्ट्रीय जनता दल के कार्यकर्ताओं ने जामकर दिया है। कानून-व्यवस्था बनाने के लिए पुलिस-प्रशासन पहले से सतर्क है। हालांकि, किसान संगठनों ने बंद के शांतिपूर्ण रहने का दावा किया है।
इधर दरभंगा जिले में भी भारत बंद का असर दिख रहा है। विपक्षी दलों के कार्यकर्ताओं ने दरभंगा स्टेशन पर दरभंगा-नई दिल्ली बिहार संपर्क क्रांति सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन को रोका है। ट्रेन को रोकने के बाद प्रदर्शनकारी ट्रैक जाम कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं।
नवादा में भी भारत बंद का प्रभाव दिख रहा है। प्रजातंत्र चौक को जामकर अखिल भारतीय किसान संघर्ष समिति के कार्यकर्ता सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। जाम की वजह से सड़क पर गाड़ियों की लंबी लाइन लग गई है।
आरा में भाकपा-माले के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पटेल बस पड़ाव के समीप आरा- पटना मुख्य मार्ग एनएच-30 जाम कर दिया है। इसका नेतृत्व तरारी के विधायक सुदामा प्रसाद कर रहे हैं।
बंद के दौरान आरा-पटना राजमार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लगी है। बंद के दौरान सुरक्षा को लेकर पुलिस की भी तैनाती की गई है। गया से गुजरने वाली जीटी रोड पर भारत बंद का आंशिक असर दिख रहा है।
मालवाहक वाहनों का परिचालन हो रहा है, लेकिन यात्री वाहनों का परिचालन ठप है। डोभी में दुकानें खुली हुईं हैं। डोभी-चतरा सड़क मार्ग व डोभी-गया सड़क मार्ग पर लोग आॅटो से जा रहे हैं। सड़कों पर महागठबंधन के कार्यकर्ता नहीं दिख रहे हैं।
बेगूसराय में सुबह से ही वामदलों के कार्यकर्ता सड़क पर उतर आए। कार्यकर्ताओं ने एनएच-31 को जाम किया। सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की जा रही है। बेगूसराय में वामदलों के नेतृत्व में प्रदर्शन हो रहा है।
वहीं शेखपुरा जिले में भारत बंद के समर्थन में महागठबंधन के नेता-कार्यकर्ता ने दुकानों और वाहनों को बंद कराया। नप मुख्यालय क्षेत्र में इसका असर दिख रहा है।