बिहार में पछुआ पवन के कारण गिरा तापमान, बारिश की संभावना के बीच बढ़ेगी ठंड

पटना। राजधानी समेत प्रदेश में पछुआ हवा की रफ्तार में तेजी आने से ठंड में बढ़ोतरी हुई है। दिन में धूप निकलने के बावजूद हवा की गति अधिक होने के कारण ठंड का प्रभाव बना रहा। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों में ठंड बढ़ सकती है। प्रदेश में बुधवार को पछुआ हवा ने ठंड का असर बनाए रखा। पछुआ हवा की रफ्तार 15-20 किमी प्रतिघंटा रही। बुधवार को राजधानी समेत प्रदेश के 23 जिलों के अधिकतम तापमान और 10 जिलों के न्यूनतम तापमान में कमी आई है। पछुआ हवा में तेजी के कारण पटना का अधिकतम तापमान में 3.2 डिग्री की गिरावट आई। यह 23.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार प्रदेश में अगले तीन दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में चार से छह से डिग्री की गिरावट के साथ ठंड बढ़ सकती है। वहीं प्रदेश के उत्तरी भाग के अलावा बक्सर, भोजपुर, रोहतास, भभुआ, औरंगाबाद, अरवल जिले के एक या दो स्थान पर सुबह के समय कोहरे का प्रभाव बना रहेगा। जबकि अन्य भागों का मौसम शुष्क बना रहेगा। बुधवार को प्रदेश के वाल्मीकि नगर, पूर्णिया में मध्यम दर्जे के कोहरे का प्रभाव बना रहा। वहीं, 11.6 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान पूर्वी चंपारण के वाल्मीकि नगर में दर्ज किया गया।

About Post Author

You may have missed