August 20, 2026

नवादा में युवक की हत्या कर सड़क किनारे पानी भरे गड्ढे में फेंका शव

नवादा । जिले के कादिरगंज ओपी क्षेत्र के पचम्बा गांव में सड़क किनारे पानी भरे गड्ढे से युवक का शव मिला है। इसकी सूचना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है। युवक की पहचान दलदलहा गांव के विजय चौहान के बेटे अंशु कुमार (25) के रूप में हुई है।

अंशु साइकिल से घर से निकला था। काफी देर तक जब वह घर वापस नहीं लौटा, तब उनके परिजनों ने उसके मोबाइल पर संपर्क किया, लेकिन उसने मोबाइल नहीं उठया, जिसके बाद परिजनों ने तलाश की।

काफी तलाश करने के बाद देखा कि गांव से महज तीन किलोमीटर की दूरी पर उसका साइकिल एक पुलिया के किनारे खड़ा है व उस पर एक थैला रखा हुआ है। साइकिल के हैंडल पर उसका कपड़ा भी रखा मिला और वहीं पर मोबाइल पड़ा था।

इसके बाद अंशु के परिजनों ने रात के अंधेरे में साइकिल के आसपास ढूंढा, जिससे वहां पास में गड्ढे से अंशु का शव मिला। अंशु के शरीर पर जख्म के निशान थे। शव देखने से ऐसा लग रहा था कि किसी ने पीट-पीटकर उसकी हत्या की है।

फिलहाल हत्या के कारणों का पता नहीं लगा है। पुलिस जांच में जुटी है। इधर परिजनों का बुरा हाल है। थानाध्यक्ष सूरज कुमार ने बताया कि युवक का शव मिला है। उसे पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है।

You may have missed