January 24, 2025

प्रदेश में जल्द शुरू होगा शीतलहर का दौर: 12 जिलों में येलो अलर्ट, विभाग की चेतावनी जारी

  • सुबह शाम कोहरे से बढ़ी ठंड…बच्चे और बुजुर्गों का रखें विशेष ख्याल…रहें सावधान

पटना। बिहार में ठंड ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। पछुआ हवाओं के चलते राज्य में तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग ने इस स्थिति को देखते हुए 12 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है, जबकि 5 जिलों में शीतलहर के प्रभाव का अंदेशा जताया गया है। विभाग ने इन इलाकों में सुबह और शाम के समय घने कोहरे और ठिठुरन की स्थिति की चेतावनी दी है।
12 जिलों में येलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने पटना, वैशाली, समस्तीपुर, सिवान, सारण, बक्सर, भोजपुर, औरंगाबाद, नालंदा, शेखपुरा, गया और अरवल में शीतलहर के चलते येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में पछुआ हवाओं की तीव्रता के कारण न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट हो रही है। ठंडी हवाओं के कारण लोगों को खासतौर पर सुबह और रात के समय अधिक ठिठुरन का सामना करना पड़ रहा है।
15 जिलों में घने कोहरे की चेतावनी
मौसम विभाग ने गोपालगंज, पश्चिमी चंपारण, वैशाली, बक्सर, भागलपुर, लखीसराय, मुजफ्फरपुर, भोजपुर, दरभंगा, कटिहार, पटना, बेगूसराय, खगड़िया, समस्तीपुर और मधेपुरा में घने कोहरे की संभावना जताई है। इन जिलों में वायुमंडल के निचले स्तर पर नमी की अधिकता और ठंडी हवाओं के प्रभाव के कारण रात और सुबह के समय घना कोहरा छाने का अनुमान है।
ठंड का प्रभाव और लोगों की परेशानी
सर्द उत्तर-पश्चिमी हवाओं का असर पूरे राज्य में महसूस किया जा रहा है। न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट और कोहरे की स्थिति ने लोगों की दिनचर्या को प्रभावित किया है। खासकर देर रात और सुबह के समय वाहन चालकों को दृश्यता में कमी के कारण मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
अन्य जिलों में भी कोहरा
विभाग का पूर्वानुमान है कि अन्य जिलों में हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा रह सकता है। इन इलाकों में भी सर्द हवाओं और ठंड का असर बना रहेगा, जिससे सामान्य जनजीवन प्रभावित होगा।
सावधानियों की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों को अत्यधिक ठंड के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है। विशेष रूप से सुबह और रात के समय गर्म कपड़े पहनने और अनावश्यक यात्रा से बचने की हिदायत दी गई है। बच्चों और बुजुर्गों को विशेष ध्यान रखने की आवश्यकता है। बिहार में शीतलहर और कोहरे की यह स्थिति आने वाले दिनों में और अधिक गंभीर हो सकती है। सरकार और प्रशासन ने भी लोगों से सतर्क रहने और स्वास्थ्य सुरक्षा के उपाय अपनाने की अपील की है।
जहरीली हुई बिहार की हवा
बिहार में बढ़ती ठंड के साथ ही अब हवा भी जहरीली हो रही है। लगातार प्रदूषण में इजाफा हो रहा है। इस बीच राजधानी पटना में वायु प्रदूषण की स्थिति में दिल्ली से खराब होती नजर आ रही है। बीते बुधवार को प्रदूषण के मामले में फुलवारीशरीफ प्रखंड के मुरादपुर में स्थिति खतरनाक हो गई। यहां एयर क्वालिटी इंडेक्स 373 दर्ज किया गया, जो स्वास्थ्य के लिए काफी खतरनाक है। पीएम 2.5 हवा में मौजूद छोटे कणों को संदर्भित करता है, जो व्यास में 2.5 माइक्रोमीटर या उससे छोटे होते हैं। वे बहुत छोटे होते हैं, जिस वजह से फेफड़ों में गहराई तक जा सकते हैं और यहां तक कि रक्तप्रवाह में भी प्रवेश कर सकते हैं। ये कण गाड़ियों से निकलती धुआं, औद्योगिक उत्सर्जन, आग और धूल जैसे स्रोतों से आते हैं। यह कई स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बन सकता है, खासकर फेफड़ों और हृदय में, जिससे अस्थमा, फेफड़ों की बीमारी और दिल के दौरे जैसी समस्याएं हो सकती है।

yashoraj infosys best website design company in patna : www.yashoraj.com

You may have missed