महात्मा गांधी के पोते अरुण गांधी के निधन पर मुख्यमंत्री ने व्यक्त की गहरी शोक संवेदना, तुषार गांधी को फोन कर दी सांत्वना

पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के पोते अरूण मणिलाल गांधी के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा है कि स्व. अरुण मणिलाल गांधी राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के द्वितीय सुपुत्र स्व. मणिलाल गांधी के बेटे थे। उनकी सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में गहरी अभिरूचि थी। उन्होंने कहा कि उनके द्वारा लिखित पुस्तक ‘द गिफ्ट आॅफ एंगर : एंड अदर लेसन्स फ्रॉम माई ग्रैंडफादर महात्मा गांधी काफी प्रसिद्ध है। अरुण मणिलाल गांधी के निधन से सामाजिक, शैक्षणिक एवं राजनीतिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है। मुख्यमंत्री ने स्व. अरूण मणिलाल गांधी के पुत्र तुषार गांधी से दूरभाष पर बात कर उन्हें सान्तवना दी । मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की चिर शान्ति तथा उनके परिजनों एवं प्रशंसकों को दु:ख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है। अरूण मणिलाल गांधी का 89 वर्ष की आयु में महाराष्ट्र के कोल्हापुर में निधन हो गया। अरुण गांधी के बेटे तुषार गांधी ने मंगलवार को ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। बताया गया है कि अरुण गांधी पिछले काफी दिनों से बीमार थे। तुषार गांधी ने बताया कि उनके पिता का अंतिम संस्कार आज ही कोल्हापुर में किया जाएगा।

About Post Author

You may have missed